Vaishno Devi: श्राद्ध शुरू होने पर वैष्णो देवी से ताजा अपडेट, लैंडस्लाइडिंग के 14वें दिन कैसे हालात?

Vaishno Devi Yatra latest Update: साल 2025 के आखिरी चंद्रग्रहण के खत्म होते ही पितृ पक्ष श्राद्ध की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन वैष्णो देवी की यात्रा 14वें दिन भी बंद है। लैंडस्लाइड की घटना के 14वें दिन यात्रा को लेकर ताजा हालात पर अपडेट सामने आया है।

vaishno devi mandir

Vaishno Devi Yatra latest Update: माता वैष्णो देवी के पवित्र मंदिर की यात्रा लैंडस्लाइड की घटना के 14वें दिन भी बंद है। मौसम अनुकूल न होने के कारण श्राइन बोर्ड के अधिकारी यात्रा को दोबारा के शुरू करने का रिस्क नहीं लेना चाहते। दरअसल, लैंड स्लाइड की घटना के बाद भी लगातार बारिश से वैष्णो देवी यात्रा रूट प्रभावित हुआ था, जिससे तीर्थयात्रियों के लिए आवाजाही असुरक्षित हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने का काम जैसे ही खत्म होगा और मौसम में सुधार होगा तो यात्रा को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।

यात्रा स्थगित रहने से श्रद्धालुओं में निराशा

लंबे समय से यात्रा स्थगित रहने से श्रद्धालुओं में निराशा है, साथ ही यात्रा पर निर्भर स्थानीय कारोबारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। श्राइन बोर्ड के अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। प्रशासन ने जनता और तीर्थयात्रियों से धैर्य बनाए रखने और अगली सूचना तक मंदिर की ओर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि वैष्णो देवी की यात्रा तभी फिर से शुरू होगी जब मौसम में सुधार होगा और मार्ग सुरक्षित घोषित हो जाएंगे।

दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को निराशा

माता वैष्णो देवी के पवित्र मंदिर की यात्रा स्थगित होने के बाद से लगातार 13वें दिन कपाट खुलने का इंतज़ार कर रहे केरल के एक श्रद्धालु ने कहा, मुझे बहुत दुख है कि मैं मंदिर नहीं जा पाया। मैं पिछले 2 दिन से इंतज़ार कर रहा हूं। यहां के लोग कह रहे हैं कि कपाट 15 दिन बाद खुलेंगे, लेकिन मुझे पूरी उम्मीद है और मैं अपनी यात्रा पूरी करके ही घर जाऊंगा।” उन्होंने इलाके में लैंडस्लाइड की घटना में तीर्थयात्रियों की मौत पर भी शोक व्यक्त किया। गौरतलब है कि 26 अगस्त को बादल फटने और लैंड स्लाइडिंग की घटना में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी।

लैंड स्लाइडिंग की घटना की हो रही जांच

26 अगस्त को लैंड स्लाइडिंग की घटना की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। घटना की जांच जारी है। कटरा के आधार शिविर पर भी सन्नाटा पसरा है। श्रद्धालुओं को यात्रा फिर से शुरू होने का इंतजार है। अधिकारियों का कहना है कि एहतियात के तौर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वैष्णो देवी की यात्रा पर रोक लगाई हुई है। मार्ग के कुछ हिस्सों से मलबा हटा दिया गया है, हालांकि परिस्थितियां यात्रा शुरू करने के अनुकूल नहीं हैं।

श्रद्धालुओं के लिए अहम खबर

वैष्णो देवी की यात्रा के बंद रहने तक किसी भी बुकिंग रद्द करने पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड 100% रिफंड की पेशकश कर रहा है। अनुरोध refund@maavaishnodevi.net पर भेजे जा सकते हैं। यात्रा की योजना बना रहे तीर्थयात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा पुनः आरंभ होने के बारे में ताजा अपडेट के लिए श्राइन बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया पर विजिट करे। तीर्थयात्रियों को अपनी रेलगाड़ियों की समय-सारिणी की जांच कर लेनी चाहिए, क्योंकि मौसम के कारण कटरा जाने वाले कुछ रेल मार्ग प्रभावित हुए हैं। वहीं, हेलीकॉप्टर सेवा अगली सूचना तक निलंबित रहेगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ