UP Police Constable का पेपर क्या सचमुच हुआ लीक? यहां जानें इन दावों की सच्चाई

UP Police Constable Recruitment Exam 2024 Paper Leak: 23 अगस्त 2024 से उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू होने वाली है। हालांकि प्रवेश पत्र जारी होने से पहले पेपर लीक होने की खबर सामने आ रही है। तो आइए जानते हैं कि इन दावों में आखिर कितनी सच्चाई है?

UP Police Constable Recruitment Exam 2024 Paper Leak

UP Police Constable Recruitment Exam 2024 Paper Leak: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एंव प्रोन्नति बोर्ड कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी करने की तैयारी में लगा है। इस परीक्षा के लिए लाखों लोगों ने आवेदन किया है। हालांकि इसी बीच पेपर लीक होने की खबर सामने आ रही है। टेलीग्राम पर कई लोग पेपर लीक होने का दावा कर रहे हैं। एक्स प्लेटफॉर्म पर ट्वीट करते हुए लोगों ने इस पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

कब होगी परीक्षा?

बता दें कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को आयोजित की जाएगी। वहीं सभी परीक्षाओं से 3 दिन पहले प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। 23 अगस्त 2024 को होने वाली परीक्षा के प्रवेश पत्र आज यानी मंगलवार की शाम 5 बजे ऑफिशियल वेबसाइट Uppbpb.gov.in पर जारी होंगे। बोर्ड ने परीक्षा की सिटी सिल्प और संबंधित दिशानिर्देश पहले ही जारी कर दिए थे। वहीं शाम को मिलने वाले एडमिट कार्ड में अभ्यार्थियों के सेंटर से लेकर समय का विवरण मौजूद रहेगा।

पेपर लीक से मचा हड़कंप

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर पेपर लीक होने की खबर आ रही है। कई टेलीग्राम यूजर्स अभ्यार्थियों से पैसे लेकर पेपर मुहैया कराने का दावा कर रहे हैं। इसके ढेरों स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक्स प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक के दावों की तस्वीरें शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा कि टेलीग्राम एप्लिकेशन के निम्नलिखित लिंक से उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल 60244 भर्ती के रि-एग्जाम के पेपर लीक कराने की एवज में पैसों की मांग हो रही है। कृप्या इस पर अतिशीघ्र संज्ञान लें।

पेपर लीक के दावों का फैक्ट चेक

हालांकि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने भी इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। यूपी पुलिस रिक्रूटमेंट बोर्ड ने एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ठगों द्वारा अभ्यार्थियों से आगामी परीक्षा के प्रश्न पत्र पैसे लेकर उपलब्ध कराए जाने के झूठे दावे किए जा रहे हैं। बोर्ड द्वारा इस प्रकार के समस्त सूचनाओं पर एसटीएफ के माध्यम से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यूजर्स ने दिए रिएक्शन

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी पेपर लीक के दावों को झूठ करार दिया है। यूजर्स का कहना है कि यह ठग हैं। पेपर अभी छपा ही नहीं है तो लीक कैसे हो सकता है? हालांकि इन दावों में कितनी सच्चाई है? इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ