Ram Mandir Inauguration Ayodhya Ram Bhajan in Flight VIDEO: अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। इसे लेकर देश में उत्सव का माहौल है। पूरा देश राममय हो गया है। हर जगह केवल राम नाम ही सुनाई दे रहा है। लोग भगवान राम की भक्ति में लीन हैं। वे अपने आराध्य प्रभु का गुणगान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते, फिर चाहे व ट्रेन हो या फ्लाइट। इसी बीच, एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक यात्री फ्लाइट में भगवान राम का भजन गा रहा है। बाकी लोग भी राम भजन गाते हुए नजर आ रहे हैं।
दिल्ली-अयोध्या फ्लाइट का है वीडियो
दरअसल, यह वीडियो दिल्ली से अयोध्या जाने वाली फ्लाइट का बताया जा रहा है। इस वीडियो में एक यात्री भगवा रंग के कपड़े पहने हुए नजर आ रहा है। वह यात्रियों से राम भजन गाने के लिए कहता है, जिस पर सभी यात्री ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ गाते हुए सुनाई दे रहे हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस वीडियो को जारी किया है, जिसे अबतक 37000 से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इसे 12 से ज्यादा बार लाइक और 160 बार रिपोस्ट किया गया है। वीडियो पर यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने कहा- बदला हुआ भारत। जय श्री राम। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा- देश बदल रहा है। भविष्य सुरक्षित हाथों में है। जय श्री राम।
सुबह 10 बजे से होगा ‘मंगल ध्वनि’ का भव्य वादन
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक, रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सुबह 10 बजे से ‘मंगल ध्वनि’ का भव्य वादन होगा। इसमें उत्तर प्रदेश , ओडिशा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, मणिपुर , महाराष्ट्र और असम समेत विभिन्न राज्यों से आए 50 से अधिक वाद्ययंत्र शामिल होंगे। ट्रस्ट ने कहा कि यतीन्द्र मिश्र इस भव्य मंगल वादन के परिकल्पनाकार और संयोजक है। इसमें केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली ने भी सहयोग किया है।