Rajya Sabha Election 2026 Results: राज्यसभा के हर 2 साल में होने वाले चुनाव संपन्न हो चुके हैं। बीते दिन 16 मार्च को 10 राज्यों की 37 सीटें भरी गईं। 7 राज्यों से 26 उम्मीदवार निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए। वहीं 3 राज्यों के 11 उम्मीदवार वोटिंग के जरिए राज्यसभा सांसद चुने गए। बीते दिन सुबह 9 बजे वोटिंग शुरू हुई थी, जो शाम करीब 4 बजे तक चली। उसके बाद मतगणना शुरू हुई और बिहार-ओडिशा के चुनाव परिणाम आए। आखिर में हरियाण का रिजल्ट आया।
हरियाणा में विवाद के कारण रात करीब 11 बजे काउंटिंग शुरू हुई और देररात परिणाम भी जारी कर दिए गए। अब हरियाणा से कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और BJP के संजय भाटिया चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचे हैं। बता दें कि आगामी 2 अप्रैल को राज्यसभा में खाली होने वाली महाराष्ट्र की 7, तेलंगाना की 2, पश्चिम बंगाल की 5, तमिलनाडु की 6, छत्तीसगढ़ की 2, असम की 3, हिमाचल प्रदेश की एक, बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें भरने के लिए चुनाव हुए हैं।
---विज्ञापन---
हरियाणा राज्यसभा चुनाव की मतगणना से पहले, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने कुछ विधायकों द्वारा डाले गए मतों की गोपनीयता पर आपत्ति जताई। आपत्तियों में आरोप लगाया गया कि मतदान के दौरान मतपत्र अनधिकृत व्यक्तियों को दिखाए गए, जिससे गोपनीयता नियमों का उल्लंघन हुआ। कांग्रेस ने भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री अनिल विज के मतपत्र की गोपनीयता को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।
---विज्ञापन---
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस विधायकों परमवीर सिंह और भरत बेनीवाल के मतपत्रों की गोपनीयता पर आपत्ति जताई। दोनों दलों का आरोप था कि अधिकृत एजेंटों को मतपत्र दिखाते समय मतदान की गोपनीयता का ठीक से पालन नहीं किया गया और चिह्नित मतपत्र अधिकृत एजेंटों के अलावा अन्य लोगों को भी दिखाई दिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर हरियाणा राज्यसभा चुनाव में 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया। देर रात चुनाव आयोग ने कांग्रेस और बीजेपी की कुल तीन आपत्तियों में से दो का निपटारा किया। आयोग ने बीजेपी विधायक और कैबिनेट मंत्री अनिल विज के मत को अमान्य करने की कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी। अनिल विज का मत मान्य हुआ। साथ ही कांग्रेस विधायक भरत बेनीवाल के मत को भी चुनाव आयोग ने मान्य करार दिया।
वहीं एक अन्य कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह के मत को अमान्य करने की बीजेपी की याचिका को चुनाव आयोग ने मंजूर कर लिया। उनका मत अमान्य करार दिया गया। इसके बाद हरियाणा राज्यसभा चुनाव की मतगणना शुरू हुई। हरियाणा में दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी ने संजय भाटिया को अपना उम्मीदवार बनाया है और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल का समर्थन कर रही है। वहीं कांग्रेस ने करमवीर सिंह बौध को अपना उम्मीदवार बनाया है।
खबर अपडेट की जा रही है…