राजा रघुवंशी की हत्या के लिए सोनम और राज ने बड़ी साजिश रची थी। एक-दो नहीं, बल्कि दोनों ने मिलकर फरवरी से ही एक के बाद एक कई प्लान बनाए, लेकिन एक-एक करके सभी प्लान फेल होते चले गए। आपको जानकर हैरानी होगी कि सोनम और राजा की शादी से पहले ही सोनम और राज साजिश रच रहे थे। इसी बीच जब कई प्लान फेल हो गए और सोनम की शादी तय हो गई, तब राजा को खत्म करने का प्लान बनाया गया।
शादी के बाद सोनम राजा को लेकर गुवाहाटी गई और वहां राजा को मार दिया गया। सोनम गाजियाबाद से बरामद हुई थी, लेकिन अब खबर सामने आ रही है कि उसे वाराणसी में ही एक लड़की ने देख लिया था।
वाराणसी में देखी गई थी सोनम
जानकारी के मुताबिक, राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी के पास वाराणसी से एक लड़की का फोन आया था। उसने बताया कि उसने सोनम को गाजीपुर की तरफ जाते देखा था। लड़की गाजीपुर के सैदपुर की रहने वाली है। लड़की ने बताया कि सोनम ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जिससे उस पर शक हुआ और उसने पूछा कि इतनी गर्मी में चेहरे पर कपड़ा क्यों बांध रखा है?
वहीं, राजा रघुवंशी के भाई सचिन ने कहा है कि राज और सोनम लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। ऐसे में उनका नार्को टेस्ट किया जाना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। राजा रघुवंशी की हत्या करने के बाद सोनम इंदौर में 14 दिन रुकी रही लेकिन किसी को खबर तक नहीं हुई। इससे साफ पता चलता है कि सोनम बेहद शातिर है।
फरवरी से ही रची जा रही थी साजिश
बता दें कि सोनम और राज ने मिलकर फरवरी में प्लान बनाना शुरू कर दिया था। सोनम किसी भी हाल में शादी नहीं करना चाहती थी और वह पिता के खिलाफ भी नहीं जाना चाहती थी। पिता दिल के मरीज थे, ऐसे में वह नहीं चाहती थी कि उसकी वजह से पिता को तकलीफ हो और दिल का दौरा पड़ने से उनकी जान चली जाए। ऐसे में उसने खुद को ही मरा हुआ दिखाने की साजिश रची, लेकिन दो बार उसका प्लान फेल हो गया था।
इसी बीच राजा के साथ सोनम की शादी तय हो गई। सोनम और राज कुछ नहीं कर पाए तो प्लान बनाया कि शादी के बाद राजा को ही निपटाया जाएगा। इसके बाद राजा और सोनम की शादी हो जाने के बाद दोनों पहले गुवाहाटी गए। यहां पर राजा को मारने की साजिश थी लेकिन भीड़ होने की वजह से कई बार प्लानिंग फेल हो गई। इसके बाद सोनम ने राजा से शिलॉन्ग चलने के लिए कहा। दोनों शिलॉन्ग गए। यहां भी दो से तीन बार प्लान फेल हो गया और अंत में सोनम राजा को लेकर सुनसान जगह पर गई और हत्या करने में कामयाब हो गई।