Parliament Security Breach Latest Update: संसद सुरक्षा चूक मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जलाए मोबाइल फोन के अवशेष बरामद किए हैं। न्यूज एजेंसी एनएनआई के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन राजस्थान से मिले हैं। मोबाइल को जलाने के लिए ही घटना के बाद ललित झा संसद परिसर से फरार होकर राजस्थान पहुंचा था। इसके बाद उसने सभी के फोन नष्ट कर दिये। फिलहाल पुलिस सभी बरामद मोबाइल फोन FSL लैब में भेजेगी। इसके बाद ही कुछ जानकारी बाहर आने की संभावना है।
दिल्ली पुलिस ने सभी आरोपियों की लोकेशन और काॅल डिटेल्स का डेटा मांगा है। बता दें कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की ओर से घटना को लेकर कई खुलासे किए जा रहे हैं। इससे पहले आरोपी सागर शर्मा ने बताया कि इस योजना से पहले उनकी योजना संसद के बाहर आत्मदाह करने की थी मगर एंटीफायर जैल नहीं मिलने के कारण वे इस योजना में सफल नहीं हो सके। हालांकि आरोपियों ने इसे ऑनलाइन मंगवाने की कोशिश की थी लेकिन ऑनलाइन पैमेंट मोड ऑप्शन होने के कारण यह योजना सफल नहीं हो सकी।
युवाओं का करते थे ब्रेन वाॅश
संसद की रेकी के दौरान आरोपियों को पता चला कि यहां अंदर प्रवेश करने से पहले जूतों की जांच नहीं की जाती है। ऐसे में आरोपियों ने जूते में कनस्तर ले जाने की कोशिश की। पुलिस की एफआईआर में यह भी सामने आया है कि वे लोग जांच से बचने के लिए सिग्नल ऐप पर बातें करते थे। इतना ही नहीं सभी आरोपी युवाओं का ब्रेन वाॅश करते थे। ऐसे में उन्होंने कई लोगों को अपने साथ जोड़ा था।
स्पेशल सेल कर रही मामले की जांच
बता दें कि संसद सुरक्षा चूक मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब तक 7 आरोपियों को पकड़ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं इस पूरी जांच की निगरानी सीआरपीएफ के डीजी कर रहे हैं। वहीं अब तक सुरक्षा में लापरवाही के चलते 8 सुरक्षा अधिकारी सस्पेंड हो चुके हैं।