वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ जारी विपक्षी दलों और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रोटेस्ट में अब एक और बड़ नाम जुड़ने वाला है. एसआईआर के खिलाफ 23 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति और अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर भी शामिल होंगे. इसका ऐलान उन्होंने खुद अपने एक्स अकाउंट एक पोस्ट शेयर कर दी. इस प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और अभिनेता प्रकाश राज समेत कई बड़े नाम भी शामिल हो सकते हैं.
‘हर गली में जंतर-मंतर’ का नारा
पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन ने 23 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है. इसके तहत लोगों से अपने-अपने इलाकों में सड़कों पर उतरने की अपील की गई है. पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन ने प्रदर्शन के लिए ‘हर हाथ में तिरंगा, हर गली में जंतर-मंतर’ का नारा दिया है. गठबंधन की मांग है कि एसआईआर की प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें.
परकला प्रभाकर ने एक्स पर शेयर किया पोस्टर
वहीं, पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन के इस आंदोलन में शामिल होने की जानकारी देते हुए परकला प्रभाकर ने एक्स पर लिखा, ‘हर गली में जंतर-मंतर! शुक्रवार, 23 अक्टूबर, 2026, लोकतंत्र की बहाली के लिए जन-मार्च. आइए, इस चुनौती का सामना करें.’ परकला प्रभाकर अपनी पोस्ट के साथ जो फोटो शेयर की उसमें प्रशांत भूषण, राकेश टिकैत, नेहा बोरा और लेखक तुषार गांधी की तस्वीरें भी हैं जिससे प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. गठबंधन ने विपक्षी INDIA ब्लॉक के दलों से भी आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है.
आपको बता दें कि परकला प्रभाकर इससे पहले भी SIR के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा ले चुके हैं. 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित एक विरोध कार्यक्रम में उन्होंने यूट्यूबर ध्रुव राठी और एक्टर प्रकाश राज के साथ मंच साझा किया था. गौरतलब है कि अर्थशास्त्री और लेखक प्रभाकर इससे पहले भी केंद्र की BJP सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते रहे हैं. उन्होंने नोटबंदी, बेरोजगारी और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी थी.