हरियाणा के पंचकूला जिले के सरकारी स्कूल में बच्ची पर जालनेवा हमला करने वाले बच्चे को लेकर नया चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. हमलावर बच्चे की मेंटल हेल्थ रिपोर्ट आई है, जिसके अनुसार 8 साल के बच्चे की दिमागी हालत ठीक नहीं है, यानी वह अबनॉर्मल है और उसे इलाज की सख्त से सख्त जरूरत है. चंडीगढ़ GMSH सेक्टर-32 में आरोपी बच्चे का मेंटल मैपिंग टेस्ट हुआ है, जिसमें यह खुलासा हुआ है. हॉस्पिटल ने मेंटल टेस्ट की रिपोर्ट पंचकूला पुलिस विभाग को सौंप दी है.
बच्चे के भविष्य का फैसला जुवेनाइन बोर्ड लेगा
पंचकूला पुलिस अब मेंटल हेल्थ रिपोर्ट को जुवेनाइल जस्टिस (जेजे) बोर्ड में सबमिट करेगी. बच्चे को बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर बोर्ड बच्चे के भविष्य को लेकर फैसला किया जाएगा. बोर्ड ही फैसला लेगा कि बच्चे को उसके माता-पिता के साथ घर भेजना सुरक्षित है या उसे जुवेनाइल होम में ही रखा जाए. 3 डॉक्टरों के पैनल ने बच्चे का मेंटल मैपिंग टेस्ट किया. जिसमें बच्चे की सोच, समझ, लॉजिक पावर, बिहैवियर और मेंटल हेल्थ को परखकर रिपोर्ट तैयार की गई.
बच्ची पर 28 अक्टूबर को स्कूल में हुआ हमला
बता दें कि 28 अक्टूबर 2026 को पंचकूला के सेक्टर-20 में स्कूल में पढ़ने वाली KG की 6 साल की छात्रा पर 8 साल के छात्र ने हमला किया. आरोपी ने बच्ची को धक्के मारे और जमीन पर पटका. बेंच पर उसका सिर मारा. ईंट और गमलों से मारा, जिससे बच्ची बेहोश हो गई. बेहोश होने के बाद भी वह उस पर हमला करता रहा. बच्ची को गंभीर हालत में पहले पंचकूला अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे PGI चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया. घटना के 2 दिन बाद 30 अक्टूबर को वीडियो वायरल हुआ.
प्रिंसिपल-चौकीदार और 2 टीचर्स पर हुई FIR
31 अक्टूबर को पंचकूला पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल, 2 महिला शिक्षकों और चौकीदार के खिलाफ केस दर्ज किया. शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपल और दोनों टीचर्स को सस्पेंड कर दिया. हरियाणा बाल संरक्षण आयोग ने मामले में संज्ञान लिया और जांच रिपोर्ट तलब की. आरोपी बच्चे को अंबाला के जुवेनाइल होम में भेज दिया गया. वहीं घायल बच्ची अब खतरे से बाहर है और हंसती-खेलती दिख रही है. वह खाना भी खा रही है और घर जाना चाहती है, लेकिन अभी डॉक्टरों की देख-रेख में है.