राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है. वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश माथुर अब केरल के नए राज्यपाल होंगे. वहीं, केरल के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का नया राज्यपाल बनाया गया है. केंद्र सरकार द्वारा जारी सूची में BJP के 4 दिग्गज और अनुभवी चेहरों को राजभवनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनमें कोई पूर्व केंद्रीय मंत्री रहा है, तो कोई कई बार का सांसद और संगठन का प्रमुख चेहरा. आइए जानते हैं कि पहली बार राज्यपाल बने इन चार प्रमुख नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि क्या है और इन्हें किन राज्यों की कमान दी गई है.
डॉ. सुधा यादव – कर्नाटक
हरियाणा की वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है.
डॉ. सुधा यादव 1999 में हरियाणा से लोकसभा सांसद चुनी गई थीं. वे वर्तमान में भाजपा के सबसे शक्तिशाली निकाय यानी ‘भाजपा संसदीय बोर्ड’ की सदस्य भी हैं. संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहीं डॉ. यादव को अब दक्षिण भारत के अहम राज्य कर्नाटक के राजभवन की कमान मिली है.
डॉ. ढाल सिंह बिसेन – उत्तराखंड
मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
वे मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से चार बार विधायक और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने 2019 से 2024 तक बालाघाट संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद के रूप में भी जनता का प्रतिनिधित्व किया है. उनका यह लंबा प्रशासनिक और संसदीय अनुभव अब उत्तराखंड में काम आएगा.
ब्रज मोहन राम – ओडिशा
ओडिशा के राज्यपाल के रूप में ब्रज मोहन राम को जिम्मेदारी दी गई है.
वे झारखंड (तत्कालीन बिहार) के पलामू संसदीय क्षेत्र से पूर्व लोकसभा सांसद रह चुके हैं. इसके अलावा वे बिहार विधानसभा के सदस्य भी रहे हैं. लंबे राजनीतिक अनुभव के बाद उन्हें पहली बार किसी राज्य के संवैधानिक प्रमुख का पद सौंपा गया है.
दुष्यंत गौतम – सिक्किम
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
संगठन में लंबा अनुभव रखने वाले दुष्यंत गौतम 2020 से 2022 के दौरान हरियाणा से राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं. पार्टी संगठन में प्रमुख भूमिकाएं निभाने के बाद अब वे सिक्किम में राज्यपाल के तौर पर नई जिम्मेदारी संभालेंगे.
इन दो राज्यपालों के राज्यों में फेरबदल
ओम प्रकाश माथुर बने केरल के राज्यपाल
- भाजपा के वरिष्ठ और कद्दावर नेता ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है. संगठन में लंबा अनुभव रखने वाले माथुर इससे पहले जुलाई 2024 से सिक्किम के राज्यपाल के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. अब उन्हें सिक्किम से ट्रांसफर कर दक्षिण भारत के प्रमुख राज्य केरल की कमान सौंपी गई है.
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी
- वरिष्ठ नेता राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब तमिलनाडु का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. आर्लेकर गोवा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और गोवा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. वे जनवरी 2025 से केरल के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जिन्हें अब केरल से स्थानांतरित कर तमिलनाडु भेजा गया है.
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन सभी नियुक्तियों से संबंधित राज्यों के प्रशासनिक कामकाज को नई ऊर्जा मिलेगी. नए राज्यपाल जल्द ही अपने-अपने संबंधित राज्यों के राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.