Mathura Rail Accident Train Cancelled or Diverted: यूपी के मथुरा में बीती रात बड़ा ट्रेन हादसा देखने को मिला है। कोयले से लदी मालगाड़ी के 27 डिब्बे अचानक बेपटरी होकर पलट गए। वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन से 800 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ। इससे दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट ठप हो गया है। मालगाड़ी में लदा कोयला पटरियों पर फैल गया है। बीती रात लगभग 10:30 बजे चौथी लाइन चालू की गई और शताब्दी जैसी ट्रेनों को रवाना किया गया।
15 ट्रेनें रोकी गईं
मालगाड़ी पलटने की वजह से कई घंटे तक दिल्ली-मुंबई रूट बाधित रहा। रेलवे ने लगभग 15 ट्रेनों को अलग-अलग जगहों पर रोक दिया था। हादसा करीब 07:54 मिनट पर हुआ। मालगाड़ी नंबर STBP झारखंड से सूरतगढ़ थर्मल प्लांट के लिए कोयला लेकर जा रही थी। मालगाड़ी में कुल 59 डिब्बे थे। सभी कोयले से भरे हुए थे। वृंदावन रोड स्टेशन से 800 मीटर की दूरी पर मालगाड़ी के 27 डिब्बे एक-एक करके पलट गए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
तीन ट्रैक पर यातायात ठप
मालगाड़ी के डिब्बे अप, डाउन और थर्ड लाइन पर बिखरे पड़े हैं। इसके कारण रेलवे ने कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। वहीं कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट हो गए हैं। चार में से तीन ट्रैक पर यातायात ठप हो गया है। रेलवे की टीम ट्रैक से डिब्बे हटाने में जुटी है। मगर अभी तक यह काम पूरा नहीं हो सका है। रेलवे लाइन के अलावा आसपास के खंबे और OH लाइन भी टूट गईं हैं। इन्हें सही करने का काम तेजी से चल रहा है।