राजस्थान रिफाइनरी में लगी भीषण आग, कल लोकार्पण के लिए आने वाले थे PM मोदी

बाड़मेर रिफाइनरी के लोकार्पण से ठीक पहले एक यूनिट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए.

Rajasthan refinery fire (1)
विज्ञापन

राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी से एक डराने वाली खबर सामने आई है. सोमवार दोपहर को रिफाइनरी की एक मुख्य यूनिट में अचानक भीषण आग लग गई जिससे चारों ओर धुंए का काला गुबार छा गया. यह हादसा उस वक्त हुआ जब कल यानी मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विशाल रिफाइनरी का लोकार्पण करने वाले थे. प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. HRRL रिफाइनरी की यूनिट में आग लगने के कारण प्रधानमंत्री का 21 अप्रैल का उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि रिफाइनरी परिसर में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच भगदड़ मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.

सीडीयू यूनिट में लगी आग

जानकारी के मुताबिक आग रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट यानी सीडीयू में लगी है जो तेल शोधन की प्रक्रिया का अहम हिस्सा मानी जाती है. आग लगने के तुरंत बाद रिफाइनरी के फायर सेफ्टी सिस्टम को सक्रिय किया गया और बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं मिली है और यूनिट में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. आग इतनी विकराल थी कि इसके प्रभाव को देखते हुए आसपास के पूरे इलाके को तुरंत खाली करा दिया गया है ताकि किसी भी बड़े खतरे को टाला जा सके.

विज्ञापन

मुख्यमंत्री के दौरे पर असर

इस हादसे ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम को भी प्रभावित कर दिया है. आज शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री का रिफाइनरी पहुंचने का कार्यक्रम तय था जहां उन्हें लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेना था. हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला सतर्क हो गया है और मुख्यमंत्री अब खुद उस हिस्से का मुआयना कर सकते हैं जहाँ आग लगी है. पीएम मोदी की सभा स्थल पर तैनात की गई फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी तुरंत रिफाइनरी के भीतर आग बुझाने के काम में लगा दिया गया है. आग लगने के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पूरी टीम स्थिति को काबू में करने के लिए जूझ रही है.

क्या टल जाएगा पीएम का कार्यक्रम?

कल होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बदलाव नहीं किया गया है. बताया जा रहा है कि जहां प्रधानमंत्री की जनसभा होनी है वह स्थान इस यूनिट से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है और पूरी तरह सुरक्षित है. हालांकि रिफाइनरी के भीतर आग का बुझना अभी बाकी है और धुंआ अब भी आसमान में देखा जा सकता है. सुरक्षा एजेंसियां और रिफाइनरी के अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और वजह है. कल के बड़े आयोजन से पहले प्रशासन के लिए यह स्थिति किसी बड़ी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ