Oppn Mega Meeting: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शुक्रवार को पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ पटना पहुंचे। दोनों नेता यहां विपक्षी एकता बैठक में शामिल होंगे। विपक्ष की बैठक में शामिल होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान जीतेगी। बीजेपी का मकसद कुछ लोगों को फायदा पहुंचाना है। कांग्रेस गरीबों और जरूरतमंदों के लिए काम करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए एकता ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश को तोड़ रही है और नफरत और हिंसा फैला रही है, जबकि कांग्रेस देश को जोड़ रही है। विपक्ष की बैठक से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
खड़गे बोले- हम पूरे देश में जीत सकते हैं
खड़गे ने कहा, "अगर हम बिहार जीतते हैं, तो हम पूरे देश में जीत सकते हैं। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे अपने मतभेदों को छोड़ दें और लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हों। सभी कांग्रेस नेताओं को एकजुट होना चाहिए और मतभेदों को दूर रखते हुए 2024 का चुनाव लड़ना चाहिए।"
वहीं, बैठक से पहले दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए खड़गे ने कहा कि विपक्षी दलों का एजेंडा केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार को हटाना है और वे सभी मिलकर लड़ेंगे। खड़गे ने कहा कि हम सभी बीजेपी के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहते हैं और हमारा एजेंडा बीजेपी सरकार को हटाना है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा रखे गए केंद्र के अध्यादेश के मुद्दे पर बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे संसद सत्र से पहले इस पर फैसला लेंगे। उन्होंने कहा, ''संसद सत्र से पहले हम इस पर (केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आप को समर्थन देने पर) फैसला लेंगे।''
केजरीवाल ने बैठक से पहले विपक्षी दलों से की ये अपील
पटना में विपक्षी दल की बैठक से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों से राष्ट्रीय राजधानी में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश पर अपना रुख स्पष्ट करने का आग्रह किया है।
बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने की रणनीति बनाने के लिए देश भर के विपक्षी दलों के नेता पटना में बैठक करने वाले हैं। विपक्ष ने अपनी बैठक के लिए पटना को चुना क्योंकि ये शहर 1974 में जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति के आह्वान का प्रतिनिधित्व करता है जिसने इंदिरा गांधी की बहुमत सरकार को गिरा दिया था।
नीतीश कुमार कर रहे हैं बैठक की मेजबानी
बैठक की मेजबानी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य भाजपा से मुकाबला करने के लिए संयुक्त विपक्षी मोर्चा बनाने के लिए आम सहमति बनाना है। बैठक की मेजबानी कर रहे जनता दल (यूनाइटेड) ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती को इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया है। यह बैठक बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार ने बुलाई है और इसमें भाजपा के विरोधी दलों के नेता शामिल होंगे।
बैठक से पहले पटना पहुंचने वाले नेताओं में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती शामिल हैं।