शिवसेना (UBT) विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र की भाजपा के दिमाग में बहुत जहर भरा हुआ है। आज भाजपा ने महाराष्ट्र की तुलना पहलगाम की घटना में शामिल आतंकवादियों से की है, जिन आतंकवादियों को भाजपा पकड़ नहीं पाई या रोक नहीं पाई। पहलगाम की घटना को तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन वे आतंकवादी कहां गए? कोई नहीं जानता कि वे पाकिस्तान भाग गए या भाजपा में शामिल हो गए। लेकिन उनकी तुलना महाराष्ट्र से करना दिखाता है कि भाजपा के मन में राज्य के लिए कितना द्वेष और जहर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 20वीं सदी में बनी वैश्विक संस्थाओं में मानवता के दो तिहाई लोगों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। आज की वैश्विक अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देने वाले देशों को निर्णय लेने वाली मेज पर जगह नहीं दी गई है। यह सिर्फ प्रतिनिधित्व का सवाल नहीं है, बल्कि विश्वसनीयता और प्रभावशीलता का भी सवाल है। ग्लोबल साउथ के बिना ये संस्थाएं सिम कार्ड वाले मोबाइल की तरह लगती हैं, लेकिन नेटवर्क नहीं।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स का विस्तार और नए मित्रों का जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि ब्रिक्स एक ऐसा संगठन है जो समय के अनुसार खुद को बदल सकता है। अब हमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, WTO और बहुपक्षीय विकास बैंकों जैसी संस्थाओं में सुधार के लिए भी यही इच्छाशक्ति दिखानी होगी।
17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एआई के युग में, जहां प्रौद्योगिकी हर हफ्ते अपडेट होती है, यह स्वीकार्य नहीं है कि एक वैश्विक संस्थान अस्सी साल में एक बार भी अपडेट न हो। बीसवीं सदी के टाइपराइटर इक्कीसवीं सदी के सॉफ्टवेयर नहीं चला सकते।
उन्होंने यह भी कहा कि 20वीं सदी में बनी वैश्विक संस्थाएं 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने में असमर्थ हैं। चाहे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्ष हों, महामारी हो, आर्थिक संकट हो या साइबरस्पेस में नई उभरती चुनौतियां हों, इन संस्थाओं के पास इनका कोई समाधान नहीं है। आज विश्व को एक नई, बहुध्रुवीय और समावेशी विश्व व्यवस्था की आवश्यकता है। इसकी शुरुआत वैश्विक संस्थाओं में व्यापक सुधारों से करनी होगी। सुधार केवल प्रतीकात्मक नहीं होने चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक प्रभाव भी दिखाई देना चाहिए।
17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ग्लोबल साउथ अक्सर दोहरे मानदंडों का शिकार रहा है। चाहे विकास की बात हो, संसाधनों के वितरण की बात हो या सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की, ग्लोबल साउथ के हितों को प्राथमिकता नहीं दी गई है। जलवायु वित्त, सतत विकास और प्रौद्योगिकी तक पहुंच जैसे मुद्दों पर ग्लोबल साउथ को अक्सर नाममात्र के इशारों के अलावा कुछ नहीं मिला है।
BRICS नेताओं के साथ फोटो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा कि ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में शिखर सम्मेलन में साथी ब्रिक्स नेताओं के साथ, निकट सहयोग और साझा विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए। ब्रिक्स में अधिक समावेशी और न्यायसंगत वैश्विक भविष्य को आकार देने की अपार क्षमता है।
BRICS सम्मलेन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात की है।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: ब्रिटेन की एक इंजीनियरिंग टीम तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यूके एफ-35बी विमान की मरम्मत करने पहुंच गई है। यूके ने विमान के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) सुविधा देने की मांग स्वीकार कर ली थी। यूके के इंजीनियर्स के आने के बाद विमान को शिफ्ट किया जाएगा। यूके ने भारतीय अधिकारियों और हवाई अड्डे की टीमों के निरंतर समर्थन और सहयोग के लिए बहुत आभार जताया है।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली कोर्ट में पेश किए जाने पर अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि हमारी पार्टी का यहां कोई कार्यक्रम नहीं है, फिर भी यहां आपातकाल जैसी स्थिति बना दी गई है, चारों तरफ बैरिकेडिंग है। सरकार क्या करना चाहती है? मुझे अभी अपने साथियों का फोन आया है। पुलिस सुबह 4 बजे से उनके घर पर है। सरकार को किस बात की घबराहट है? यह सरकार झूठ और दुष्प्रचार करके अकाली दल को बदनाम करना चाहती है। बदले की राजनीति है कर रही है।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: दिल्ली में भी UP की तर्ज पर ढाबों पर बेचने वाले का असली नाम लिखने की मुहिम शुरू होगी। भाजपा विधायक और भाजपा मंदिर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष करनैल सिंह ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ रूट पर दिल्ली में जो भी खाने की दुकानें हैं, उन पर नाम लिखे जाएं, यह मुहिम हम शुरू कर रहे हैं। अवैध मीट की दुकानें भी बंद कराएंगे।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले के गैंगस्टर सलीम सोहराब रुस्तम का सबसे छोटा भाई सोहराब फरार हो गया है। वह 3 दिन की पैरोल पर तिहाड़ जेल से छूटकर आया था, लेकिन वापस जेल नहीं पहुंचा। पता करने पर सुराग लगा कि वह अंडरग्राउंड हो गया है। उसकी तलाश में SIT को लगाया गया है।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: राजस्थान के चर्चित कन्हैया लाल टेलर मर्डर केस की सुनवाई कर रही जयपुर की स्पेशल NIA कोर्ट में जज की नियुक्ति हुई है। प्रवेंद्र पाल सिंह को जज नियुक्त किया गया है। यह कोर्ट पिछले दो महीने से ज्यादा समय से खाली चल रही थी। इस कोर्ट के मुकदमों की सुनवाई लिंक कोर्ट में हो रही थी। इससे कन्हैया लाल मर्डर केस की सुनवाई भी प्रभावित हुई थी।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: बिक्रम मजीठिया को मोहाली कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्हें पटियाला की न्यू नाभा जेल में रखा जाएगा। पंजाब विजिलेंस ने मजीठिया की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने कहा कि जब भी जरूरत होगी, दोबारा सुनवाई करके रिमांड दे दी जाएगी।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया की पुलिस रिमांड आज खत्म हो रही है। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना है। विजिलेंस ऑफिस से मजीठिया को लेकर टीम रवाना हो गई है। कोर्ट में और इसके आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अकाली नेताओं ओर वर्करों को पंजाब पुलिस और मोहाली पुलिस ने हिरासत में लिया हुआ है।
LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: बिहार के पटना जिले में कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में गैंगस्टर अजय वर्मा से बेऊर जेल में पुलिस ने पूछताछ की है। कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। खेमका की हत्या के बाद बिहार की सियासत गरमाई हुई है।