मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि भोपाल मेट्रो परियोजना अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। खासकर सुभाष नगर से एम्स तक का प्राथमिकता वाला कॉरिडोर, जिसकी अनुमानित लागत 2225 करोड़ रुपये है।इसका उद्घाटन अक्टूबर 2025 तक होने की संभावना है। पूरी भोपाल मेट्रो परियोजना 6,941.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही है। 2030 तक भोपाल मेट्रो के दोनों कॉरिडोर, ऑरेंज और ब्लू लाइन, पूरे हो जायेंगे।
दिल्ली-एनसीआर में आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल होने जा रही है। 29 जुलाई से 1 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में ‘सुरक्षा चक्र अभ्यास’ मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली सरकार के अनुसार, ‘सुरक्षा चक्र अभ्यास’ मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन योजना और अंतर-एजेंसी समन्वय में नए मानक स्थापित करेगा।
दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, एक दम्पति अपने किराए के मकान में फंदे से लटके पाए गए। पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को गली नंबर 44, मकान नंबर 4841, करोल बाग, दिल्ली से एक कॉल मिली, जिसमें सूचना दी गई कि पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने पर पति-पत्नी दोनों पंखे से लटके हुए मिले। मृतकों की पहचान देबू भौमिक (36) पुत्र सुधांशु भौमिक और उनकी पत्नी मल्लिका भौमिक (32) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर ब्लॉक के काशीनाथपुर गांव के रहने वाले थे।
जांच में पता चला है कि यह दम्पति पिछले चार महीने से इस पते पर 8,000 रुपये प्रति माह के किराए पर रह रहा था। उनकी एक 7 साल की बेटी भी है, जिसे वे अपने गृह नगर पश्चिम बंगाल में छोड़ गए थे। देबू भौमिक सोने के आभूषण बनाने का काम करते थे।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजूपुर गांव में युवक ने आत्मा हत्या कर ली है। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया है और आरोप लगाया है कि उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे वह बहुत परेशान है। वीडियो में जमीन हड़पने का आरोप जितेंद्र सिंह एवं सत्येंद्र सिंह पर लगाया है।
राजस्थान में राजकीय स्कूल एवं भवनों, सड़कों के पुल की सुरक्षा समीक्षा के लिए विशेष स्थायी समिति का गठन किया गया है। इस समिति में पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव जैसे अहम विभागों के अधिकारी सदस्य होंगे। यह समिति हर साल मई- जून महीने तक राजस्थान सरकार को स्कूल ,कॉलेज, छात्रावास और सार्वजनिक भवनों की स्थिति को लेकर रिपोर्ट दे देगी।
LIVE आज की ताजा खबर: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। अपराधियों ने फोन करके धमकी दी है कि सम्राट चौधरी को 24 घंटे में जान से मार देंगे। वहीं सम्राट चौधरी के समर्थक को उनके नाम पर दी गई धमकी पर सम्राट चौधरी ने कहा है कि जिसको जो करना करते रहें। बिहार की जनता सब जानती है। बिहार के विकास के लिए हम लोग प्रयास करने में लगे हैं।
LIVE आज की ताजा खबर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ के पीड़ितों से मुलाकात की है। उन्होंने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद वे हरिद्वार के जिला अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से भी मुलाकात की।
LIVE आज की ताजा खबर: देश के रक्षा क्षेत्र और रणनीतिक उपलब्धियों से छात्रों का परिचय कराने के लिए NCERT स्कूली बच्चों के लिए एक विशेष शैक्षणिक मॉड्यूल तैयार करेगी। इसका उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और रक्षा क्षेत्र में वैज्ञानिक विकास जैसे विषयों को समझाना है। यह शैक्षणिक मॉड्यूल ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित होगा और इसके 2 भाग होंगे। पहला भाग कक्षा 3 से 8 के लिए और दूसरा भाग कक्षा 9 से 12 के लिए होगा। सिलेबस में स्वदेशी रक्षा प्रणालियों जैसे आकाश मिसाइल, अत्याधुनिक ड्रोन वॉरफेयर और मल्टी-लेयर एयर डिफेंस सिस्टम्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। सेना, नौसेना, वायुसेना के तालमेल पर भी शैक्षणिक मॉड्यूल में विशेष फोकस होगा।
LIVE आज की ताजा खबर: भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े उद्देश्यों के लिए मोदी सरकार लक्षद्वीप के बितरा आइलैंड का अधिग्रहण करेगी। हिंद महासागर क्षेत्र में अपने सैन्य और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों के हिस्से के तौर पर भारत सरकार की नजर लक्षद्वीप के इस सबसे छोटे आवासीय द्वीप है। यह लगभग 45 स्क्वेयर किलोमीटर में फैला द्वीप है, जिसमें फिलहाल लगभग 350 निवासी रहते हैं। भारतीय सेना द्वारा इसके अधिग्रहण के बाद भी यहां के निवासियों को हटाया नहीं जाएगा, वह यह द्वीप देश का तीसरा सैन्य ठिकाना बन जाएगा। इससे पहले कवरत्ती (INS Dweeprakshak) और मिनीकोय (INS Jatayu) में भारतीय नौसेना के ठिकाने मौजूद हैं।
LIVE आज की ताजा खबर: बिहार की राजनीति में पोस्टर वार लगातार जारी है। विपक्ष अब पोस्टर के जरिए नीतीश सरकार पर निशाना साध रहा है। राजद कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें साफ लिखा हुआ है कि सृजन घोटाले से भी बड़ा महाघोटाला बिहार में हुआ है। CAG रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि 70 हजार करोड़ का घोटाला हुआ है। यह पोस्टर राजद नेताओं के तरफ से लगाया गया है।
LIVE आज की ताजा खबर: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल सोमवार को संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के शुरुआती वक्ताओं में शामिल होंगे। यह चर्चा लोकसभा में शुरू होगी, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री जयशंकर भी सरकार की तरफ से शामिल होंगे। इस बात की संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस चर्चा में भाग लेंगे। इसके बाद 29 जुलाई को राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी। दोनों सदनों में इस मुद्दे पर लगभग 16-16 घंटे की चर्चा प्रस्तावित है।
LIVE आज की ताजा खबर: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में आज BJP सांसद अरुण गोविल और राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन हापुड़ जंक्शन पर रुकेगी।
LIVE आज की ताजा खबर: प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट करे लिखा कि एक प्रेरक दूरदर्शी, उत्कृष्ट वैज्ञानिक, मार्गदर्शक और एक महान देशभक्त के रूप में अब्दुल कलाम को याद किया जाता है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय था। उनके विचार भारत के युवाओं को एक विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
LIVE आज की ताजा खबर: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के युवक पर नस्लवादी हमला हुआ है। युवक पर धारदार हथियार से हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल किया गया। हमला मेलबर्न में हुआ है। पीड़ित के अनुसार, 5 नाबालिग उसके घर के बाहर घात लगाकर बैठे थे। 33 वर्षीय सौरभ आनंद ने बताया कि जब वे अल्टोना मीडोज स्थित दवा की दुकान से घर लौट रहे थे तो पांचों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनका हाथ घायल हुए, जिसकी सर्जरी करानी पड़ी। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
LIVE आज की ताजा खबर: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले 147 यात्रियों को परिवारें को एयर इंडिया ने अंतरिम मुआवजा दे दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले 229 यात्रियों में से 147 यात्रियों और घटनास्थल पर मारे गए 19 लोगों के परिवारों को मिलाकर कुल 166 परिवारों को 25 लाख का मुआवजा दिया गया है। एयरलाइन के अनुसार, अन्य 52 मृतकों के दस्तावेजों की जांच पूरी हो चुकी है और उन्हें भी मुआवजा जल्द दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद प्लेन क्रैश के लिए क्या पायलट हैं जिम्मेदार? क्या कहती है एअर इंडिया और Pilot फेडरेशन
LIVE आज की ताजा खबर: आज प्रधानमंत्री तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। वे आज सुबह त्रिची से हेलीकॉप्टर द्वारा अरियालुर जिले के गंगईकोंडा चोलपुरम पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12 बजे वे सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे। वे आदि तिरुवथिरई महोत्सव में भी भाग लेंगे और राजेंद्र चोल प्रथम के सम्मान में एक स्मारक सिक्का जारी करेंगे।
LIVE आज की ताजा खबर: आज 27 जुलाई 2025 को देश के पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न और ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि है। इस अवसर पर आज देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज उनकी 10वीं पुण्यतिथि है। उनका निधन 27 जुलाई 2015 को आईआईएम शिलांग में एक व्याख्यान के दौरान कार्डियक अरेस्ट से हुआ था। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आज ‘कलाम को सलाम’ अभियान शुरू किया जाएगा।