Kolkata Doctor Murder Case: कोलकाता में महिला डॉक्टर से दरिंदगी के बाद देशभर में गुस्सा थम नहीं रहा है। जगह-जगह लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। हैवानियत के विरोध में बीजेपी ने आज बंगाल बंद का आह्वान किया था। जिसके बाद कई जगह बीजेपी वर्करों की पुलिस से झड़प होने की खबरें सामने आई हैं। वहीं, बवाल के बीच अब पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बड़ी घोषणा की है। ममता बनर्जी ने कहा कि अगले सप्ताह विधानसभा में रेप के मामलों में दोषियों को मृत्युदंड दिए जाने वाला बिल पारित करवाया जाएगा। 10 दिन के भीतर सजा सुनिश्चित करने के लिए कानून में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद बिल को मंजूरी के लिए गवर्नर को भेजा जाएगा। अगर राज्यपाल ने इस पर साइन नहीं किए तो वे राजभवन के सामने धरने पर बैठेंगी। कोलकाता में आयोजित एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने यह घोषणा की।
यह भी पढ़ें:कोलकाता रेप मर्डर केस में 3 नए खुलासे; एक का पीड़िता और 2 का आरोपी संजय रॉय से कनेक्शन
ममता बनर्जी ने जिस समय यह घोषणा की, उस समय देशभर में लोग प्रदर्शन कर रहे थे। विरोध के बाद ममता की घोषणा सामने आई है। बता दें कि कुछ दिन पहले ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को भी पत्र लिखा था। जिसमें मांग की गई थी कि रेप के मामलों में दोषियों के खिलाफ विशेष कानून बनाए जाने की जरूरत है। ममता ने जिक्र किया था कि हर दिन देश में रेप के 90 मामले सामने आते हैं। जो चिंताजनक है। वहीं, रैली के दौरान ममता ने कहा कि भाजपा दोहरा मानदंड अपना रही है। एक तरफ तो वह अपराधियों को बचाती है। दूसरी तरफ रेप के मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।