परिवार के 4 लोगों के साथ गर्लफ्रेंड का कत्ल क्यों? 'कातिल' बोला-मेरे बिना जी नहीं पाती

Kerala Mass Murder : केरल के वेंजरामूडु में 23 साल के युवक ने अपनी दादी, भाई, प्रेमिका और रिश्तेदारों समेत 5 लोगों की हत्या कर सनसनी मचा दी। प्रेमिका की हत्या की वजह जानकर पुलिस भी चौंक गई।

Kerala Murder

Kerala Mass Murder : केरल में एक शख्स ने पांच लोगों की हत्या कर सनसनी मचा दी है। वेंजरामुडु में सामूहिक हत्याकांड के 23 साल के आरोपी अफान ने अपनी प्रेमिका को भी मौत के घाट उतार दिया। प्रेमिका की जान लेने के पीछे उसने एक अजीब कारण बताया है। अपराध करने के बाद आरोपी वेंजरामूडु पुलिस स्टेशन में चला गया और आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी और फिर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत में सुधार हुआ है। इसके बाद उससे पूछताछ की गई और औपचारिक रूप से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तिरुवनंतपुरम के वेंजरामूडु में हुई इस सामूहिक और दर्दनाक हत्या के पीछे पैसे के लेन-देन को मुख्य वजह माना जा रहा है।

अधिकारियों ने पहले बताया था कि आरोपी ने 14 लेनदारों से 65 लाख रुपये का कर्ज लिया था। इससे वह परेशान था और शुरू में अपनी मां और भाई के साथ आत्महत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन 24 फरवरी को उसने अपनी 88 वर्षीय दादी, 13 वर्षीय भाई, प्रेमिका, मामा और मामा की पत्नी की हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अफान ने अपनी प्रेमिका की हत्या सिर्फ इसलिए की क्योंकि “वह उसके बिना अकेले नहीं रह पाती थी”। वहीं, अफान ने अपनी मां की हत्या करने की भी कोशिश की थी, लेकिन वह बच गईं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आरोपी के पिता विदेश में रहते हैं और वह घटना के एक दिन पहले ही विदेश से लौटे थे। उन्होंने बताया कि हमारे पास कोई बड़ी उधारी नहीं थी। हत्या के पीछे की वजह को तलाशना पुलिस का काम है। बता दें कि अफान ने पांच हत्याओं को दो अलग-अलग पुलिस थाना वेंजरामूडू और पैंगोडे क्षेत्र में अंजाम दिया। इसके बाद उसने वेंजरामूडु पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर कर दिया था।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ