किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी, जैश कमांडर सैफुल्लाह समेत 3 आतंकी ढेर
Author: Deepak Pandey
Apr 11, 2025 11:37 PM IST
पंकज शर्मा, जम्मू
जम्मू कश्मीर से एक बड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना के जवानों ने किश्तवाड़ में जैश कमांडर सैफुल्लाह समेत 3 आतंकियों को ढेर कर दिया है। 9 अप्रैल से जारी सर्च अभियान के दौरान एक बार फिर सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से जमकर गोलियां चलीं, जिसमें 3 आतंकवादी मारे गए।
भारतीय सेना की ओर से 9 अप्रैल से किश्तवाड़ के छत्रू जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गुरुवार को भी मुठभेड़ हुई थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाकों को चारों ओर से घेर लिया है। तलाशी के दौरान आतंकियों ने अचानक से जवानों पर गोलीबारी कर दी।
यह भी पढ़ें : ‘केंद्र सरकार चाहती है कि कश्मीरी पंडित वापस कश्मीर लौटें’, नवरेह के अवसर पर क्या बोले LG मनोज सिन्हा?
सुरक्षा बलों ने आतंकियों को दिया मुंहतोड़ जवाब
सुरक्षा बलों ने भी आतंकियों की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना के जवानों ने एनकाउंटर में जैश कमांडर सैफुल्लाह और उसके दो साथियों को मार गिराया। सुरक्षा बलों ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। पूरे इलाके में आतंकियों की तलाश में सर्च अभियान जारी है।
किश्तवाड़ के छत्रू जंगल में 9 अप्रैल से चल रहा सर्च अभियान
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर्पस ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर 9 अप्रैल को छत्रू जंगल किश्तवाड़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। उसी दिन देर शाम संपर्क स्थापित किया गया। आतंकवादियों को प्रभावी ढंग से घेर लिया गया और गोलीबारी शुरू हो गई। अब तक एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। प्रतिकूल इलाके और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बहादुर सैनिकों की ओर से अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें : ‘जम्मू से सेना को हटाकर चीन बॉर्डर भेजने पर हुआ नुकसान’, कठुआ एनकाउंटर पर क्या बोले CM उमर अब्दुल्ला?