Abbas Araqchi delhi press conference: दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अमेरिका और वैश्विक सुरक्षा को लेकर कई बड़े बयान दिए हैं. अराघची ने साफ कहा है कि ईरान के खिलाफ युद्ध में जब अमेरिका को समझ आ गया कि वह अपने लक्ष्यों को हासिल नहीं कर सकता और निराश हो गया, तब उसने बातचीत का प्रस्ताव दिया. उन्होंने कहा कि ईरान के पास अमेरिका पर भरोसा न करने की हर वजह मौजूद है, लेकिन अमेरिका बिना किसी डर के ईरानियों पर पूरा भरोसा कर सकता है. दोनों देशों के बीच कूटनीति के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा विश्वास की कमी है.
धमकी नहीं, सम्मान की भाषा समझता है ईरान
ईरानी विदेश मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान को डराया या दबाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा, "अमेरिका ने बार-बार हमारी परीक्षा ली है. हम किसी दबाव, धमकी या प्रतिबंध के आगे नहीं झुकने वाले. ईरानी लोग केवल सम्मान की भाषा में ही जवाब देते हैं." उन्होंने यह भी जोड़ा कि फिलहाल दोनों देशों के बीच एक अस्थिर युद्धविराम लागू है क्योंकि ईरान कूटनीति को एक मौका देना चाहता है. उन्हें ईरान से जुड़े किसी भी मामले का कोई सैन्य समाधान नजर नहीं आता.
---विज्ञापन---
मिडिल ईस्ट में शांति के लिए भारत की भूमिका अहम
मिडिल ईस्ट के मौजूदा संकट पर बोलते हुए अराघची ने भारत की तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शांति बहाली के लिए नई दिल्ली एक 'अधिक महत्वपूर्ण और रचनात्मक' भूमिका निभा सकती है और ईरान इसका स्वागत करेगा. इसके साथ ही उन्होंने चीन के इरादों को भी नेक बताते हुए कहा कि रणनीतिक साझेदार होने के नाते वे कूटनीति में चीन के किसी भी प्रयास की सराहना करेंगे.
---विज्ञापन---
ऊर्जा संकट पर जयशंकर की चेतावनी
इस बैठक के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी दुनिया को आगाह किया. उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में बढ़ती अस्थिरता के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति गंभीर रूप से ठप हो सकती है. वहीं, होर्मुज के जटिल हालातों पर ईरान के विदेश मंत्री ने रुख स्पष्ट किया कि यह समुद्री मार्ग उन देशों को छोड़कर सभी के लिए खुला है जो ईरान के साथ युद्ध में हैं. ईरान तटस्थ व्यापार करने वाले जहाजों की मदद के लिए तैयार है और युद्ध खत्म होने के बाद स्थितियां फिर सामान्य हो जाएंगी.
---विज्ञापन---
---विज्ञापन---