IPS Kamya Misra Bihar Cadre UPSC Topper: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की मर्डर मिस्ट्री अभी लोगों के लिए राज बनी हुई है। कुछ दिन पहले बिहार के दरभंगा से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई थी। मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की घर में घुस कर बड़ी बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई। ये हत्या क्यों और किसने की? इस सवाल पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। IPS काम्या मिश्रा ने इस राज पर से पर्दा उठाने का दारोमदार संभाला था। मगर हत्याकांड के चंद हफ्तों में ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
‘लेडी सिंघम’ काम्या मिश्रा
IPS काम्या मिश्रा को बिहार की लेडी सिंघम कहा जाता है। काम्या मिश्रा की छवि बिहार में सख्त और ईमानदार पुलिस ऑफिसर की है। महज 22 साल की उम्र में देश की सबसे मुश्किल परीक्षा पास करने वाली काम्या मिश्रा उस समय सुर्खियों में आ गईं, जब उन्होंने बिहार की सबसे चर्चित मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने की कमान संभाली। हालांकि जीतन सहनी का केस खत्म होने से पहले ही उनके इस्तीफे से हर कोई हैरान है।
काम्या मिश्रा ने क्यों दिया इस्तीफा
बिहार कैडर की IPS ऑफिसर काम्या मिश्रा दरभंगा में ग्रामीण एसपी के पद पर थीं। उनके इस्तीफे की वजह अभी तक साफ नहीं हुई है। काम्या का कहना है कि उन्होंने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। दरअसल काम्या अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। वहीं उनके पिता ओडिशा के बड़े बिजनेसमैन हैं। ऐसे में काम्या ने अपने पिता का बिजनेस संभालने के लिए नौकरशाही छोड़ने का फैसला किया है।
2019 में बनीं थीं ऑफिसर
काम्या मिश्रा के करियर की बात करें तो वो पढ़ने में हमेशा से होशियार रही हैं। ओडिशा की रहने वाली काम्या ने 12वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके बाद काम्या ने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन डिग्री हासिल की। उन्होंने लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक किया। इसके साथ ही काम्या ने UPSC की तैयारी भी शुरू कर दी थी। कॉलेज पूरा होने के बाद काम्या ने UPSC की परीक्षा दी और 2019 में 172वीं रैंक के साथ वो IPS ऑफिसर बन गईं।
काम्या के पति भी हैं IPS
बिहार कैडर में पांच साल गुजारने के बाद अब काम्या ने नौकरी छोड़ दी है। बता दें कि काम्या मिश्रा के पति अवधेश दीक्षित भी बिहार कैडर के IPS ऑफिसर हैं। वो बिहार के मुजफ्फरपुर सिटी में SP के पद पर नियुक्त हैं।