'जिंदा बचने के लिए लगा दी थी पूरी ताकत', स्मित मच्छार ने बताया कॉकपिट में हमले का खौफनाक मंजर

Captain Smit Machchhar: स्मित मच्छार ने फ्लाईदुबई की घटना को याद करते हुए बताया है कि जब ओमान को-पायलट हमाम अल-हमामी ने उनके सिर पर वार किया, तो वो बार-बार बेहोशी की हालत में पहुंच रहे थे, लेकिन उन्होंने खुद को काबू किया और सभी पैसेंजर्स की जान बचाने की कोशिश की.

Smit Machchhar @IsraelMFA

स्मिथ मच्छार (Photo-X/@IsraelMFA)

Flydubai Attack: फ्लाईदुबई के इंडियन पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान के कॉकपिट में हुए जानलेवा हमले की आपबीती शेयर की है. उन्होंने बताया कि को-पायलट के लगातार हमलों से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बार-बार बेहोश हो रहे थे. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स की जान बचाने के लिए जद्दोजहद करते रहे. स्काई न्यूज अरबिया को दिए इंटरव्यू में मच्छार ने कहा, ‘मुझे लगा कि मुझे कुछ करना होगा. मैं ऐसे नहीं मर सकता. मैं अपनी मौत स्वीकार नहीं कर सकता.’ उन्होंने उस मुश्किल घड़ी को याद करते हुए कहा कि विमान में मौजूद सभी लोगों ने जिंदा बचने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी.

विज्ञापन

जब सिर पर हुआ हमला

कैप्टन मच्छार के मुताबिक दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के तकरीबन 2 घंटे बाद सब कुछ नॉर्मल था. इसी दौरान को-पायलट हमाम अल हमामी ने नमाज पढ़ने की ख्वाहिश जताई. मच्छार ने सम्मान दिखाते हुए अपना ध्यान दूसरी तरफ कर लिया. तभी उनके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार हमला किया गया. शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान की छत का कोई हिस्सा टूटकर उनके सिर पर गिरा है. हालांकि, कुछ ही पलों में उन्हें समझ आ गया कि उन पर हमला किया जा रहा है. चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी नजर धुंधली पड़ गई और वो बार-बार होश खोने लगे.

विज्ञापन

कॉकपिट का डोर खोलने के लिए किया संघर्ष

मच्छार ने बताया कि उन्होंने अपनी सीट बेल्ट खोली और हमलावर से बचने की कोशिश की. इस दौरान उनके हाथ में भी चोट आई. उन्होंने दूसरे कैप्टन को बुलाने के लिए कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की. एक बार दरवाजा खुला, लेकिन हमलावर की धमकी के बाद वो फिर बंद हो गया. उन्होंने विमान के इंजन की आवाज में बदलाव और उसकी गति में अजीब बदलाव महसूस किया. उनकी यादें कई हिस्सों में बंटी हुई हैं. बाद में उन्होंने खुद को कॉकपिट और गैली के बीच पड़ा पाया. इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत में भी मच्छार ने बताया था कि उनके भीतर संघर्ष करने की आखिरी ताकत बाकी थी. दरवाजा खोल पाने के बाद यात्रियों और क्रू को हस्तक्षेप करने का मौका मिला.

विज्ञापन

क्या है पूरा मामला?

जांच के मुताबिक को-पायलट ने इमरजेंसी क्रैश एक्स से मच्छार पर हमला किया था. विमान में मौजूद यात्रियों, केबिन क्रू और कुछ अन्य पायलटों ने हमलावर को काबू करने में मदद की. इसके बाद विमान का कंट्रोल दूसरे पायलटों ने संभाला और उसे सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ दिया गया. वहां विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान में सवार सभी 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. यूएई के अटॉर्नी जनरल के मुताबिक, जांचकर्ताओं को संदेह है कि को-पायलट विमान पर कंट्रोल हासिल कर उसे तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल से टकराना चाहता था. अधिकारियों ने मामले की जांच विमान हाईजैक करने की कोशिश के रूप में शुरू की है.

बेटे को किया पहला फोन

लैंडिंग के बाद को-पायलट को हिरासत में ले लिया गया. मच्छार का पहले सऊदी अरब के तबूक में इलाज हुआ और फिर उन्हें आगे के उपचार के लिए अबू धाबी ले जाया गया. भारतीय दूतावास ने 6 अक्टूबर को उनकी सेहत में सुधार की जानकारी दी थी. पायलट ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने सबसे पहले अपने दो साल के बेटे को फोन किया. हमले की यादें कभी-कभी अचानक लौट आती थीं और उनकी धड़कन तेज हो जाती थी. विमान के सेफ लैंडिंग के बाद ही उन्हें असल राहत महसूस हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनकी बहादुरी की तारीफ की है. मच्छार ने सऊदी अरब और यूएई में मिले इलाज और सहयोग के लिए आभार जताया.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ