नेपाल के भोटेकोशी नदी में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है. बाढ़ से अब तक 95 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 500 से अधिक लोगों के लापता होने की खबर है. राहत और बचाव अभियान के बीच नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने राष्ट्र के नाम संबोधन में लोगों से धैर्य बनाए रखने और एकजुट होकर इस आपदा का सामना करने की अपील की. नेपाल सरकार ने सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस को बड़े पैमाने पर बचाव अभियान में लगाया है.
PM मोदी का जताया आभार
इसके साथ ही भारत द्वारा राहत सामग्री की पहली खेप भेजे जाने के बाद पीएम बालेन शाह ने इस मुश्किल घड़ी में मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है. नेपाल PMO ने ट्वीट में लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपके फोन कॉल और गहरी संवेदनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. इस मुश्किल समय में नेपाल के प्रति एकजुटता दिखाने वाले आपके स्नेहपूर्ण शब्दों और मदद की उदार पेशकश की हम दिल से सराहना करते हैं. एकजुटता का यह भाव हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती के मजबूत रिश्तों को दर्शाता है, जिन्हें हम बहुत महत्व देते हैं.'
---विज्ञापन---
यह भी पढ़ें: ‘मुश्किल घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है भारत…’, PM मोदी के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जाहिर की संवेदना
घायलों और लापता लोगों को बचाना पहली प्राथमिकता
नेपाली पीएम बालेन शाह ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना, लापता लोगों की तलाश करना और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है. भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने रसुवा के साथ आसपास के इलाकों में सड़क, पुल, बस्तियों और बिजली परियोजनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचाया है. नेपाल पुलिस के मुताबिक अब तक बरामद 95 शवों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं.
---विज्ञापन---
PM मोदी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
नेपाल में गंभीर स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पीएम बालेन शाह से फोन पर बातचीत की. मोदी ने बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना जताते हुए नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि भारत के लोग इस मुश्किल समय में नेपाल के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत की टीमें राहत और बचाव अभियान के लिए नेपाल के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: नेपाल में कहां से होकर गुजरती है कैलाश मानसरोवर यात्रा? अचानक आई बाढ़ के बाद 400 तीर्थ यात्री लापता
---विज्ञापन---
भारत ने भेजी राहत सामग्री की पहली खेप
पीएम मोदी के ट्वीट के कुछ देर बाद ही विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि नेपाल की मदद के लिए भारत ने राहत सामग्री की पहली खेप भेज दी है. भारत ने नेपाल के लिए 10 टन ह्यूमैनिटेरियन असिस्टेंस एंड डिजास्टर रिलीफ (HADR) सामग्री और जरूरी दवाएं भेजी हैं. राहत सामग्री को भारतीय वायुसेना के C-130J सैन्य परिवहन विमान से भेजा गया विमान ने बुधवार रात करीब 8:35 बजे हिंडन एयरबेस से काठमांडू के लिए उड़ान भरी.
---विज्ञापन---