Independence Day: भारत के लिए 15 अगस्त का दिन बहुत ही खास दिन होता है। इस दिन हमारे देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली थी। स्वतंत्रता दिवस वाले रोज प्रधानमंत्री लाल किले पर झंडा फहराते हैं, लेकिन बहुत ही कम लोगों को पता होगा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस में झंडा फहराने का तरीका अलग होता है। आज हम आपको स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस में अंतर बताएंगे। साथ ही ये भी बताएंगे कि दोनों दिनों में झंडा कैसे फहराया जाता है। इसके लिए अलग-अलग जगह को चुना गया है, जहां पर कई प्रोग्राम्स का आयोजन किया जाता है।
स्वतंत्रता दिवस क्या है?
हर साल भारत में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के तौर पर मनाया जाता है। दरअसल, 1947 में ब्रिटिश शासन से भारत को आजादी मिली थी, जिसका जश्न इस दिन मनाया जाता है। यह दिन अंग्रेजों के उत्पीड़न के खात्मे और एक स्वतंत्र राष्ट्र के उदय का प्रतीक है। इस दिन एक समारोह का आयोजन किया जाता है। इसकी शुरुआत देश के प्रधानमंत्री दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर ध्वजारोहण करके करते हैं।
गणतंत्र दिवस क्या है?
आजादी के बाद 1950 में भारतीय संविधान लागू किया गया था। हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस (Republic Day) के तौर पर मनाया जाता है। यही वो साल था जिसमें भारत पूरी तरह से लोकतांत्रिक गणराज्य बन गया था। इस दिन नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है।
दोनों दिन कैसे फहराया जाता है तिरंगा?
स्वतंत्रता दिवस की बात की जाए तो इस दिन झंडा नीचे से ऊपर की तरफ लाया जाता है। जब वह ऊपर पहुंच जाता है तो उसे खींचा जाता है, जिससे फूलों की बारिश होती है। वहीं, इसके विपरीत गणतंत्र दिवस पर झंडा पहले से ही ऊपर होता है, जिसे केवल खींचा जाता है। इस पल की साक्षी बनने के लिए भारी संख्या में जनता मौजूद रहती है।