IFFCO का ऐतिहासिक प्रदर्शन: 2024-25 में रिकॉर्ड लाभ, नैनो डीएपी से किसानों को हुआ फायदा

इफको ने लगातार तीसरे साल कीर्तिमान स्थापित किया है और 3000 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ कमाया। इस वर्ष नैनो उर्वरकों की बिक्री में 47 प्रतिशत का उछाल आया है। 

IFFCO

भारतीय सहकारिता क्षेत्र की अग्रणी संस्था भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (IFFCO) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में एक और कीर्तिमान स्थापित करते हुए 3811 करोड़ रुपये का प्री-टैक्स लाभ हासिल किया है। यह लगातार तीसरा साल है, जब इफको ने 3000 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ प्राप्त किया है। इस साल नैनो उर्वरकों की बिक्री में 47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें इफको नैनो डीएपी (IFFCO Nano DAP) की बिक्री में अभूतपूर्व 118 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

इफको (IFFCO) ने इस साल कुल 365.09 लाख बोतलें नैनो उर्वरकों की बेचीं, जोकि पिछले साल के 248.95 लाख बोतलों की तुलना में भारी वृद्धि दर्शाती है। नैनो यूरिया प्लस और नैनो डीएपी के उपयोग से न सिर्फ किसानों को लाभ हुआ है, बल्कि इससे परंपरागत उर्वरकों की खपत में भी उल्लेखनीय कमी आई है। IFFCO के अध्यक्ष दिलीप संघानी ने कहा कि सहकार से समृद्धि का सपना IFFCO के प्रदर्शन के माध्यम से साकार हो रहा है। IFFCO ने 23 सालों से लगातार 20 फीसदी लाभांश देकर अपने सदस्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया है।

नैनो जिंक, नैनो कॉपर और ग्रेन्युलर नैनो NPK उत्पादों को लॉन्च करेगा IFFCO

IFFCO जल्द ही नैनो जिंक, नैनो कॉपर और ग्रेन्युलर नैनो NPK जैसे अत्याधुनिक उत्पादों को लॉन्च करेगा, जिससे कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ पोषण संतुलन भी सुनिश्चित होगा। इफको की यह पहल कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों जैसे ड्रोन, एआई और नैनो प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से कृषि और खाद्य मूल्य श्रृंखला को पूरी तरह से परिवर्तित कर रही है।

इफको ने शुरू कीं 203 मॉडल नैनो गांव परियोजनाएं 

देशभर में इफको ने 203 मॉडल नैनो गांव परियोजनाएं शुरू की हैं, जिससे रासायनिक उर्वरकों की खपत में 28.73 प्रतिशत की कमी और फसल उत्पादकता में 5.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इफको अब इस परियोजना को कार्बन क्रेडिट प्रमाणन से जोड़ने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। इफको के प्रबंध निदेशक डॉ. यूएस अवस्थी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ‘Rochdale Pioneers Award 2024’ तथा ‘Fertiliser Man of India’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है, जो IFFCO के योगदान को वैश्विक मान्यता प्रदान करता है।

इफको की यह उपलब्धियां भारत के सहकारी आंदोलन को नई दिशा प्रदान करती हैं और यह सुनिश्चित करती हैं कि देश का कृषक वर्ग आत्मनिर्भर और उन्नत भविष्य की ओर अग्रसर हो।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ