13 लाख फॉलोअर्स वाले फाइनेंस इंफ्लुएंसर वी हरीश की मौत, परिवार को साइबर बुलिंग के बाद सुसाइड का शक
Chennai News: चेन्नई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिस फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर के 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे, उसके कमरे में लाश मिली. फिलहाल पुलिस की तरफ से सुसाइड का शक जताया जा रहा है.
फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर वी हरीश की मौत (Photo-Instagram/V Harish)
Finance Influencer V Harish Death: पुदुचेरी के 27 साल फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर वी हरीश सोमवार रात चेन्नई के बाहर मुट्टुकाडु के पास एक किराए के विला में मृत पाए गए. पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है और परिवार की तरफ से लगाए गए लंबे समय तक ऑनलाइन हैरेसमेंट के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है. गौरतलब है कि हरीश के इंस्टाग्राम अकाउंट ‘फाइनेंस विद हरीश’ पर 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे.
विज्ञापन
परिवार ने लगाए साइबर बुलिंग के आरोप
हरीश के पिता जे विनायगम ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बेटे को साथी इंफ्लुएंसर जेसन सैमुअल की ओर से साइबर बुलिंग, अपमानजनक कंटेंट और धमकियों का सामना करना पड़ा था. शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर को सैमुअल ने कुछ वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट डाले, जिनमें हरीश पर अपने ऑडिएंस को गुमराह करने का आरोप लगाया गया था.
विनायगम का दावा है कि इस कैंपेन की वजह से उनके बेटे को काफी मानसिक परेशानी हुई. उन्होंने पुलिस को ये भी बताया कि हरीश ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने सैमुअल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कराने की धमकियों ने उन्हें बहुत गहरा आघात पहुंचाया था.
विज्ञापन
सैमुअल ने आरोपों को नकारा
जेसन सैमुअल ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर हरीश की मौत पर दुख जताया और उन पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि उनकी आलोचना सिर्फ हरीश की प्रोफेशनल क्रेडेंशियल और रेगुलेटरी अथॉरिटी से जुड़ी गलत जानकारी देने को लेकर थी.
I am deeply saddened, heavily grieving, shocked and frozen at what has happened and I mourn the loss of life.
I have not cyber-bullied him. I pointed out his lack of license and authority, misrepresentation of license and fraud on SEBI and AMFI where he has not got SEBI RIA for…
सैमुअल का दावा है कि हरीश के पास ‘सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया’ (SEBI) का ‘रजिस्टर्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर’ (RIA) लाइसेंस नहीं था. उन्होंने ‘एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया’ (AMFI) के साथ रजिस्ट्रेशन को लेकर हरीश के दावों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि हरीश ने अपनी क्रेडेंशियल के बारे में गलत जानकारी दी थी.
विज्ञापन
हरीश सोशल मीडिया अकाउंट्स हटाए गए
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सितंबर 2026 में बड़ी तादाद में लोगों द्वारा रिपोर्ट किए जाने के बाद हरीश के सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक कर दिए गए थे. इसके बाद उन्होंने एक नया चैनल शुरू किया, जिसे बाद में हटा दिया गया. उनके पिता ने जांचकर्ताओं से अपील की है कि वो मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो की जांच करें, डिजिटल सबूत सुरक्षित रखें और ये पता लगाएं कि अकाउंट सस्पेंड होने के पीछे क्या हालात थे.
पुलिस ने बताया कि उन्हें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. हरीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल ले जाया गया. कनाथुर पुलिस ने अननैचुरल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है और दोनों पक्षों के आरोपों सहित पूरी घटना की जांच कर रही है. सैमुअल के खिलाफ लगाए गए दावों की जांच अभी जारी है.