Farmers Protest : किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे थे, तभी पुलिस ने उनके रास्तों को रोक दिया। खनौरी सीमा पर पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारी किसानों में झड़प हो गई, जिसमें 12 पुलिसकर्मी और कई किसान घायल हो गए। इस आंदोलन में एक किसान की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद किसानों के दिल्ली कूच पर ब्रेक लग गया। केंद्रीय कृषि मंत्री ने किसान आंदोलन पर बड़ा बयान दिया है।
चंडीगढ़ में किसानों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच चौथे दौर की भी वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद किसानों ने 21 फरवरी को फिर दिल्ली कूच करने का ऐलान किया। इसी क्रम में पंजाब के किसानों ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन किसान भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
खनौरी घटना का जायजा लेंगे किसान
पुलिस से झड़प में एक प्रदर्शनकारी किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गई, लेकिन हरियाणा पुलिस ने मौत से इनकार कर दिया। इसके बाद किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। खनौरी घटना का जायजा लेने के बाद फिर अगली रणनीति बनाएंगे, इसलिए दो दिन तक किसानों का आंदोलन स्टे रहेगा। उन्होंने कहा कि पहले खनौरी में हुई घटना पर चर्चा करेंगे, इसलिए दो दिनों तक दिल्ली कूच नहीं करेंगे। पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद हम तय करेंगे कि क्या करना है और हमारा आगे का आंदोलन क्या होगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने फिर रखा बातचीत का प्रस्ताव
केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारी किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की और उन्हें चर्चा के लिए फिर बुलाया है। केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने बुधवार को कहा कि बातचीत से ही किसानों की मांगों का समाधान निकलेगा। पूरे देश में किसान हैं। ऐसे में कोई भी नीति बनाते समय देशभर के किसानों के हितों को ध्यान में रखना जरूरी है।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि खनौरी बॉर्डर पर युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत की खबर हृदयविदारक है, उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। पिछली बार मोदी का अहंकार 700 से अधिक किसानों का बलिदान लेकर ही माना था। अब वो फिर से उनकी जान का दुश्मन बन गया है। एक दिन इतिहास बीजेपी से ‘किसानों की हत्या’ का हिसाब जरूर मांगेगा।
हरियाणा में इंटरनेट बंद करने की बढ़ी समय सीमा
इस बीच हरियाणा सरकार ने राज्य के सात जिलों में इंटरनेट बंद करने की समय सीमा बढ़ दी। हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में 23 फरवरी तक इंटरनेट निलंबन बढ़ा दिया गया है।