Drunk Women Chaos in Brazilian Azul Airlines Flight: फ्लाइट में यात्रियों की बदसलूकी की खबरें अक्सर सामने आती हैं। ब्राजील की एक फ्लाइट में ऐसी ही घटना हुई है। शराब के नशे में धुत एक महिला ने फ्लाइट में चिल्लाना शुरू कर दिया। विमान के उड़ान भरते ही महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि फ्लाइट में आग लग गई है। यह आवाज सुनकर फ्लाइट में बैठे सभी पैसेंजर्स बुरी तरह से डर गए। पूरी फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई। आखिर में महिला को हथकड़ी पहना कर उसकी सीट से बांध दिया गया।
प्लेन में मचा हड़कंप
न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार ब्राजील क अजुल एयरलाइंस में यह घटना देखने को मिली। फ्लाइट ग्रीस की तरफ जा रही थी। उड़ान भरने के लगभग 2 घंटे बाद एक महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। महिला का कहना था कि फ्लाइट में आग लग गई है। महिला बात सुनकर कई पैसेंजर्स परेशान हो उठे। फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर्स ने महिला को शांत कराने की कोशिश की। मगर महिला ने किसी की एक नहीं सुनी। महिला शराब के नशे में बुरी तरह से धुत थी। चिल्लाते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
महिला पर काबू पाने के लिए क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ में हथकड़ी लगाई और महिला को सीट से बांध दिया। मगर इसके बावजूद महिला ने चिल्लाना बंद नहीं किया। महिला ने क्रू मेंबर्स पर हमला करने की कोशिश की। आखिर में विमान की आपत लैंडिंग करवाई गई और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया। म्यूनिख अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई और महिला को अराजकता फैलाने के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
एयरलाइंस ने जारी किया नोटिस
अजुल एयरलाइंस ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला न सिर्फ चालक दल और केबिन क्रू मेंबर्स बल्कि सभी यात्रियों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती थी। इसलिए महिला को फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया। हमारी कंपनी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन करती है। महिला को नीचे उतारने के बाद विमान ने फिर ग्रीस के कोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी और सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं।