Mohd Tahleel Chaudhary
Read More
---विज्ञापन---
पश्चिम बंगाल में बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री ने दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन छोड़़ने की अपील करी थी, जिसके खिलाफ पश्चिम बंगाल की कांग्रेस कमेटी ने धीरेन्द्र शास्त्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की. कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि इस टिप्पणी से बंगाल के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा इसका उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना है.
दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी ने भवानीपुर थाने के प्रभारी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि शास्त्री ने पांच सितंबर को हावड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणियां की थीं. जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद ने शिकायत में कहा की हम आपसे अनुरोध करते हैं कि तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की जाए और गिरफ्तारियों के साथ-साथ प्राथमिकी भी दर्ज की जाए. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ऐसी टिप्पणियां समाज में अशान्ति पैदा कर सकती हैं, जो लोकतांत्रिक भावना के खिलाफ हैं.
बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर धीरेन्द्र शास्त्री ने बंगाल के लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान मांस और मछली वाला भोजन छोड़ने एवं ना खाने की अपील की थी. धीरेन्द्र शास्त्री ने धार्मिक अवसरों पर मांस-मछली खाने वाले लोगों को ‘पाखंडी’ कहा था. जिसके बाद पश्चिम बंगाल की कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया की इस टिप्पणी से बंगाल के लोगों का अपमान हुआ है और ठेस पहुंची है.
कांग्रेस कमेटी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और खान-पान को लेकर इस तरह की अपील करना किसी व्यक्ति की निजी पसंद का विषय हो सकता है, लेकिन किसी समुदाय या क्षेत्र के लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना ठीक नहीं है. पार्टी ने पुलिस से मामले की जांच कर कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है.
वहीं, इस शिकायत के बाद अब मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत पर आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।