Congress First List For Lok Sabha Election 2024 : देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने वाला है। इससे पहले राजनीति पार्टियां अब अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रही हैं। दिल्ली स्थित मुख्यालय में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की और 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। राहुल गांधी एक बार फिर वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम चुनावी मोड में हैं। राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे हैं। यह यात्रा गुजरात पहुंच चुकी है और इसका समापन मुंबई में होगा।
राजनांदगांव से चुनाव लड़ेंगे भूपेश बघेल
कांग्रेस की पहली लिस्ट में 15 सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को टिकट दिया गया है, जबकि 24 सीटों पर ओबीसी, एससी-एसटी और अल्पसंख्यक प्रत्याशी उतारे गए हैं। इस लिस्ट में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम शामिल है। बघेल छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे।
इन राज्यों में उम्मीदवारों के नामों की हुई घोषणा
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में 6, कर्नाटक में 7, केरल में 16, लक्षद्वीप में 1, मेघालय में 2, नागालैंड में 1, सिक्किम में 1, तेलंगाना में 4 और त्रिपुरा में 1 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।

Congress First List
कांग्रेस सीईसी की बैठक में लिस्ट हुई थी फाइनल
आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में गुरुवार को सीईसी की बैठक हुई थी। इस मीटिंग में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। इसके एक दिन के बाद कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पहली लिस्ट जारी की, जिसमें 39 उम्मीदवारों के नाम हैं। कांग्रेस सीईसी की जल्द ही अगली बैठक होने वाली है, जिसमें बाकी बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन होगा।
कांग्रेस की लिस्ट में ये बड़े नाम शामिल
राहुल गांधी – वायनाड (केरल)
भूपेश बघेल – राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
ताम्रध्वज साहू – महासमुंद (छत्तीसगढ़)
शशि थरूर – तिरुवनंतपुरम (केरल)
हिबी इडेन – एर्नाकुलम (केरल)
डीके सुरेश – बेंगलुरु ग्रामीण (कर्नाटक)