Byju Raveendran Jail Term: एडटेक सेक्टर के बड़े नाम और BYJU'S के फाउंडर बायजू रवींद्रन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. अब उन्हें विदेशी अदालत से बहुत बड़ा झटका लगा है. सिंगापुर की एक अदालत ने कोर्ट की अवमानना के एक मामले में बायजू रवींद्रन को 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर की अदालत ने पाया कि बायजू रवींद्रन ने अपनी संपत्तियों और डिस्क्लोजर से जुड़े कोर्ट के कई आदेशों का उल्लंघन किया है. ये आदेश अप्रैल 2024 से पेंडिंग थे, जिनका पालन रवींद्रन ने नहीं किया. इसी अवमानना के चलते अदालत ने उनके खिलाफ यह सख्त कदम उठाया है.
---विज्ञापन---
जुर्माना भी लगा, सरेंडर करने का आदेश
जेल की सजा के साथ-साथ अदालत ने रवींद्रन को अधिकारियों के सामने तुरंत सरेंडर करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, उन पर S$90,000 (लगभग 70,500 अमेरिकी डॉलर या करीब 59 लाख रुपये) का कानूनी खर्च (लीगल कॉस्ट) चुकाने का भी आदेश दिया गया है. कोर्ट ने उनसे 'Beeaar Investco Pte' नाम की कॉर्पोरेट इकाई के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज भी जमा करने को कहा है, जो एक सहयोगी कंपनी में शेयर रखती है.
---विज्ञापन---
किसने किया था केस?
बायजू रवींद्रन के खिलाफ सिंगापुर में यह कानूनी लड़ाई कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) की एक सहायक कंपनी 'कतर होल्डिंग्स' ने शुरू की थी. कतर होल्डिंग्स ने बायजू की उस फंडिंग राउंड में निवेश किया था, जब कंपनी पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रही थी और कर्मचारियों की छंटनी कर रही थी. मामले में कतर होल्डिंग्स का प्रतिनिधित्व 'ड्रू एंड नेपियर' और बायजू इन्वेस्टमेंट्स का प्रतिनिधित्व 'फर्वेंट चैंबर्स' ने किया.
---विज्ञापन---
दुनियाभर में घिरे हैं रवींद्रन
एक समय भारत के सबसे बड़े स्टार्टअप और अरबपतियों की सूची में शुमार रहे बायजू रवींद्रन आज कई देशों में कानूनी मोर्चे पर घिरे हैं. सिंगापुर के अलावा अमेरिका में भी कर्जदाता (लेंडर्स) उनके खिलाफ $1.2 बिलियन के लोन डिफॉल्ट और हेरफेर को लेकर केस लड़ रहे हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि रवींद्रन इस समय सिंगापुर में हैं या किसी अन्य देश में, और उनकी तरफ से अभी तक इस सजा पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
---विज्ञापन---