दिल्ली में 31 मार्च को महाविकास अघाड़ी की बैठक है। इस बैठक में सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी।
माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की तबीयत फिर बिगड़ गई है। उन्हें जेल से बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम 7 बजे उन्होंने बैचेनी और सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत की थी।
पश्चिम बंगाल के बशीरहाट लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार रेखा पात्रा की तबीयत प्रचार के दौरान खराब हो गई। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर है। बता दें वह संदेशखाली मामले में पीड़िता हैं।
इंडिया गठबंधन के सीतापुर से कांग्रेस प्रत्याशी नकुल दुबे का विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को कुछ लोगों ने नकुल दुबे का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की। गौरतलब है कि नकुल दुबे ने साल 2019 में बसपा-सपा गठबंधन पर सीतापुर से लोकसभा चुनाव लड़ा था।
शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट ने गुरुवार को लोकसभा चुनावों के लिए अपने 8 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। पार्टी ने दक्षिण मध्य लोकसभा सीट से राहुल शेवाले, कोल्हापुर से संजय मंडलीक,शिर्डी से सदाशिव लोखंडे को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बिहार में इंडिया गठबंधन का सीट शेयरिंग पर फॉर्मूला तय हो गया है। सूत्रों के अनुसार 29 मार्च को इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। सूत्रों की मानें तो राजद 26, कांग्रेस 9 और सीपीआई (एमएल) 3, सीपीआई (एम) सीपीआई एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।
पूर्व आईपीएस संजीव भट्ट को पालनपुर की एडिशनल एंड सेशन कोर्ट ने ड्रग्स के एक मामले में 20 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने सजा के साथ उन पर 2 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। 1996 में बनासकांठा के एसपी रहते हुए संजीव भट्ट ने पालनपुर की लाजवंती होटल में राजस्थान के एक वकील को फंसाने के लिए उनके कमरे में 1.15 किला अफीम प्लांट की थी।
29 मार्च को दिल्ली में INDIA गठबंधन का प्रदर्शन है। जानकारी के अनुसार इंडिया गठबंधन दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा। इस दौरान डीडीयू मार्ग स्थित बीजेपी मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
झारखंड लोकसभा चुनावों को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। जानकारी के अनुसार राज्य की 13 सीट पर BJP और 1 सीट पर AJSU चुनाव लड़ेगी।
लोकसभा चुनाव को लेकर दूसरे चरण की नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में टीएमसी उम्मीदवार गोपाल लामा ने गुरुवार को दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल किया। वे पश्चिम बंगाल की दार्जिलिंग सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
फिल्म स्टार गोविंदा शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। बता दें हाल ही में गोविंदा ने शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता और पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े से मुलाकात की है। जिसके बाद उनकी लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हैं।
कुछ देर में फिल्म स्टार गोविंदा शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। इसे लेकर मुंबई के एक होटल में शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट की बैठक चल रही है। बैठक में पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल हैं।
फिल्म स्टार गोविंदा मुंबई के उत्तर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। बता दें हाल ही में गोविंदा ने शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता और पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े से मुलाकात की है। जिसके बाद उनकी लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हैं।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की अदालत ने 1 अप्रैल तक ईडी की कस्टडी बढ़ा दी है। 21 मार्च को उन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया था। उन पर शराब घोटाले से जुड़े मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। राउज एवेन्यू कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। ईडी ने अदालत से रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। सीएम के वकील ने इसका विरोध किया था।
मुरादाबाद में सांसद एसटी हसन समेत पांच के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं। भारत युग पार्टी के प्रदीप यादव, वैदिक समाजवादी पार्टी के संदीप त्रिवेदी, निर्दलीय सरताज आलम और शीशपाल के नामांकन पत्र भी खारिज हो गए हैं। अब कुल 13 प्रत्याशी बचे मैदान में, 30 मार्च को नाम वापसी के बाद और स्थिति साफ हो जाएगी।
अरविंद केजरीवाल की रिमांड पर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। उनकी रिमांड बढ़ेगी या फिर राहत मिलेगी, इस बारे में थोड़ी देर में अदालत अपना फैसला सुनाएगी।
ईडी ने गिरफ्तारी को सही ठहराते हुए कोर्ट में कहा है कि गिरफ्तार करना हमारा अधिकार है। 100 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। ED ने कहा कि जिस पैसे की बात बीजेपी को दिए जाने के आरोप केजरीवाल लगा रहे हैं, उसका शराब घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है। इसमें कोई सांठ गांठ (रिश्वत) का मामला नहीं है।
कोर्ट में अपनी बात रखते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि असली घोटाला ईडी की जांच के बाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि ED के दो मकसद थे कि एक आम आदमी पार्टी को क्रश करना, एक स्मोक क्रिएट करना कि आप पार्टी भ्रष्टाचारी है, चोर बताना दूसरा उगाही करना। इस मामले में शरद रेड्डी ने गिरफ्तारी के बाद BJP को 55 करोड़ रुपये दिए। केजरीवाल ने कहा कि शरद रेड्डी के BJP को पैसा देने के बाद उसको ज़मानत मिल गई। ED ने केजरीवाल के बयान का विरोध किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब तक मेरा नाम 4 जगह आया है। एक है सी अरविंद जिसने कहा कि उसने मेरी मौजूदगी में कुछ डॉक्यूमेंट्स सिसोदिया को दिए। मेरे घर बहुत विधायक आते हैं। किसी एक के ऐसे बयान पर क्या सिटिंग सीएम को गिरफतार कर सकते हैं?
एएसजी ने कोर्ट में कहा है कि केजरीवाल ने अभी तक मोबाइल का पासवर्ड नहीं दिया है। उनका कहना है कि वकीलों से मशविरा कर ये तय करेंगे कि पासवर्ड दिया जाए या नहीं। अगर केजरीवाल पासवर्ड नहीं देते हैं तो ऐसी सूरत में पासवर्ड ब्रेक कर मोबाइल ओपन करना होगा।