---विज्ञापन---

मनोज तिवारी के नौकर ने दिया फिल्मी अंदाज में धोखा, बिना ताला तोड़े गायब किए लाखों रुपये; ऐसे खुली पोल

भाजपा सांसद मनोज तिवारी के मुंबई वाले घर में पुराने नौकर ने डुप्लीकेट चाबी से 5.4 लाख रुपये चोरी किए. मैनेजर द्वारा लगवाए गए गुप्त सीसीटीवी कैमरे ने आरोपी का राज खोल दिया.

---विज्ञापन---

उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद और मशहूर गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित फ्लैट में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यह वारदात मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई. इस मामले में अंबोली पुलिस ने सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो पहले मनोज तिवारी के यहाँ काम करता था. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने एक बार नहीं बल्कि दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया. मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे, जो पिछले 20 सालों से उनके साथ हैं, उन्होंने इस पूरी घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है.

बिना ताला टूटे गायब होते रहे पैसे

चोरी की पहली घटना जून 2025 में हुई थी जब अलमारी से अचानक 4.40 लाख रुपये गायब हो गए थे. उस वक्त घर का ताला नहीं टूटा था और किसी को समझ नहीं आ रहा था कि पैसे कहाँ गए. इसके बाद मैनेजर को शक हुआ कि घर का ही कोई व्यक्ति या पुराना जानकार इसमें शामिल हो सकता है. इसी शक के आधार पर दिसंबर 2025 में घर के अंदर गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए ताकि चोर को रंगे हाथों पकड़ा जा सके. मैनेजर का यह फैसला सही साबित हुआ और चोर अपनी अगली चाल चलते ही कैमरे की नजर में आ गया.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस पर इतिहास रचेंगे NCC कैडेट्स, कर्तव्य पथ पर पहली बार हाथों में दिखेगी तलवार

खुफिया कैमरे की फुटेज से पकड़ा गया पुराना वफादार

15 जनवरी 2026 की रात को जब फिर से 1 लाख रुपये चोरी हुए तो सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई. फुटेज में देखा गया कि पुराना कर्मचारी सुरेंद्र शर्मा रात के करीब 9 बजे बड़े आराम से फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ. उसके पास घर के मुख्य दरवाजे, बेडरूम और यहाँ तक कि अलमारी की भी डुप्लीकेट चाबियां मौजूद थीं. वह सीधा अलमारी के पास गया और पैसे निकालकर चंपत हो गया. आरोपी को दो साल पहले ही काम से निकाल दिया गया था लेकिन उसने पुरानी चाबियों का सहारा लेकर इस चोरी को अंजाम दिया. पहचान होते ही पुलिस को खबर दी गई और आरोपी को दबोच लिया गया.

---विज्ञापन---

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी ने कबूला अपना जुर्म

अंबोली पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसे घर के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी जिसका उसने फायदा उठाया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और चोरी की गई रकम की बरामदगी के लिए जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने यह सबक भी दिया है कि घर के कर्मचारियों को हटाते समय सुरक्षा के इंतजामों और तालों को बदलना कितना जरूरी है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या इस चोरी में कोई और भी शामिल था.

First published on: Jan 18, 2026 04:37 PM

End of Article

About the Author

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola