आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा ने अपने संगठनात्मक ढांचे को तेजी से मजबूत करना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने गुरुवार को संगठन के सभी सात प्रमुख मोर्चों के नए प्रभारियों के नामों का ऐलान किया है. पार्टी ने सामाजिक समीकरणों को साधते हुए अनुभवी और रणनीतिकार नेताओं को अलग-अलग मोर्चों की कमान सौंपी है.
किसे मिली किस मोर्चे की जिम्मेदारी?
भाजपा ने डी पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा की प्रभारी, हरीश द्विवेदी को युवा मोर्चा का प्रभारी और गजेंद्र पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया है. इसके साथ ही संजय भाटिया को SC मोर्चा, लाल सिंह आर्य को किसान मोर्चा, सतीश पूनिया को ST मोर्चा और बैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है.
‘टीम नितिन नवीन’ के गठन के बाद बड़ा कदम
इससे पहले 17 अगस्त को पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी केंद्रीय टीम का ऐलान किया था. संगठन में संतुलन बैठाते हुए पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, राजेश मंगल को सह-कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी. वहीं, शिवप्रकाश और सौदान सिंह को सहायक संगठन मंत्री बनाया गया था.
केंद्रीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई, जबकि वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, मनप्रीत सिंह बादल और तारिक मंसूर समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की अहम भूमिका सौंपी गई थी.
चुनावी राज्यों पर फोकस
मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा से ठीक पहले पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भी नया नेतृत्व खड़ा किया है. वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को यूपी का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है. जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है.