'फर्जी' बनना चाहते थे 'सुपरकॉप', फिजिकल से लेकर डॉक्यूमेंट तक इस तरह चला 'खेल'
पुलिस के अनुसार फिजिकल टेस्ट देने आए कुछ ऐसे अभ्यर्थियों का चेहरा सीसीटीवी ने कैद किया जो एक बार से अधिक बार टेस्ट देने पहुंचे थे।
Edited By Amit Kasana

Edited By Amit Kasana

कभी ऐसा दौर था कि वर्दी पहने पुलिसकर्मी को देख बदमाश घरों में छिप जाया करते थे। लेकिन अब बदमाश खुद ‘साहब’ बनने में जुटे हैं। दरअसल, बिहार पुलिस ने फर्जीवाड़ा कर पुलिस में सिपाही भर्ती होने वाले लोगों का भंडाफोड़ किया है। अब तक करीब 800 ऐसे लोगों का पता लग चुका है। पुलिस ने इनकी पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर एक्सपर्ट का यूज किया।
जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस में साल 2024 में सिपाही पद के लिए कुल 21391 नियुक्तियां निकाली गई थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इसके लिए कुल 1.78 लाख आवेदन आए थे। भर्ती के लिए बकायदा लिखित और फिर दिसंबर 2024 में फिजिकल प्रशिक्षण हुआ था। फिजिकल जांच के दौरान पता चला कि कुछ लोग एक से अधिक बार फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे हैं।
बिहार पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जहां पर फिजिकल जांच हो रही थी, वहां बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरा लगाए गए थे। इन कैमरों ने ऐसे अभ्यर्थियों के चेहरे पकड़े जो एक से ज्यादा बार टेस्ट देने पहुंचे थे। जब इनके बारे में पता किया गया तो सामने आया कि ये नाम बदलकर-बदलकर किसी ओर के लिए टेस्ट देने पहुंचे हैं। इनकी जांच की गई, जांच में तथ्य सही निकले, जिसके बाद इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मार्च में कुल 240 लोग और अप्रैल में करीब 550 लोगों के बारे में पता चला है जो फर्जीवाड़ा कर पुलिस में सिपाही भर्ती होना चहाते थे। इनमें से कुछ किसी दूसरे की जगह फिजिकल टेस्ट दिया और किसी ने फर्जी डॉक्यूमेंट पेश किए हैं। अब बिहार पुलिस ने इन सभी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सूत्रों की मानें तो अभी इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
पुलिस की मानें तो ऐसे लोगों की भी तलाश की जा रही है जो फर्जी डॉक्यूमेंट बनाते हैं। इसके अलावा इस पूरे मामले में जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला गया है। पुलिस भागलपुर, मुंगेर, गया, लखीसराय, बांका, बेगूसराय, मधुबनी, जमुई, सिवान, मधेपुरा, समस्तीपुर, रोहतास, नालंदा, वैशाली आदि जिलों में छापेमारी कर रही है।
Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.
First published on:
Read more: About our editorial guidelines and standards here.