Amit Shah Will Attend Ayodhya Deepotsav: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 नवंबर को पहली बार अयोध्या के दीपोत्सव समारोह में शामिल होंगे. दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाला ये 10वां भव्य दीपोत्सव समारोह होगा. इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी मौजूद रहने की उम्मीद है.
‘रामलला’ के दर्शन कर सकते हैं शाह
सीएम योगी आदित्यनाथ से हाल ही में मुलाकात करने के बाद लौटे एक स्थानीय जनप्रतिनिधि ने अमित शाह के संभावित अयोध्या दौरे की जानकारी दी है. अगर ये कार्यक्रम तय होता है, तो राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अमित शाह पहली बार उनके दर्शन करेंगे. इसके साथ ही दीपोत्सव में उनकी पहली भागीदारी भी होगी.
2013 में पहली बार अयोध्या आए थे अमित शाह
अमित शाह का पहला अयोध्या दौरा जुलाई 2013 में हुआ था. उस वक्त वो भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव थे और 2014 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही थीं. अपने दौरे के दौरान उन्होंने कारसेवकपुरम में पूर्वी यूपी के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की थी. इस बैठक में चुनावी तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई थी. इसके अगले साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत हासिल कर केंद्र में सरकार बनाई.
2021 में हनुमानगढ़ी में की थी पूजा
अमित शाह दूसरी बार 31 दिसंबर 2021 को अयोध्या पहुंचे थे. उस वक्त उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही थीं. अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया था. साथ ही राम मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली थी. इस यात्रा के बाद अमित शाह दोबारा अयोध्या नहीं पहुंचे हैं.
प्राण प्रतिष्ठा में नहीं हुए थे शामिल
राम मंदिर से जुड़े 2 बड़े आयोजनों में भी अमित शाह अयोध्या में मौजूद नहीं थे. पहला आयोजन 5 अगस्त 2020 को हुआ था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था. इसके बाद 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक समारोह आयोजित हुआ. प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान अमित शाह दिल्ली के बिड़ला मंदिर में मौजूद थे, जहां उन्होंने समारोह का सीधा प्रसारण देखा था. इसके बाद से उनके अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करने की चर्चाएं लगातार होती रही हैं.
जय शाह ने किए थे रामलला के दर्शन
अमित शाह के परिवार के सदस्य भी अयोध्या में रामलला के दर्शन कर चुके हैं. 26 जनवरी 2025 को उनके बेटे जय शाह और पत्नी रिशिता पटेल ने महाकुंभ के दौरान अयोध्या पहुंचकर रामलला के मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की थी. अब सबकी नजर 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव पर टिकी हैं. अमित शाह के संभावित दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं. हालांकि, उनके आगमन और मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की तरफ से बाद में की जाएगी.