क्यों आसमान में चक्कर लगा रहा विमान एयरपोर्ट वापस लौटा? एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दी सफाई

एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु से कोलकाता जा रही फ्लाइट IX2718 में उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते विमान को वापस लौटना पड़ा। करीब दो घंटे तक हवा में ईंधन जलाने के बाद फ्लाइट ने सुरक्षित लैंडिंग की। यात्रियों को वैकल्पिक विमान से रवाना किया गया। इस बीच, एयर इंडिया की एक फ्लाइट में दो यात्रियों ने कॉकरोच की शिकायत की।

Air India express

एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान कंपनी की तरफ से सफाई (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)

एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान ने बेंगलुरु से कोलकाता के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वह एयरपोर्ट की ओर लौट आया। इसके बाद विमान करीब दो घंटे तक आसमान में रहा और फिर लैंडिंग की। अब इस मामले को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस की तरफ से सफाई दी गई है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX2718 में बेंगलुरु से उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके बाद उसे एयरपोर्ट वापस आना पड़ा। विमानन कंपनी की तरफ से यह भी बताया गया कि विमान ने ईंधन जलाने और वजन कम करने के लिए हवा में ही चक्कर लगाए। इसके बाद एहतियातन लैंडिंग कराई गई।

एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों की आगे की यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई थी। वहीं, कंपनी की तरफ से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि तकनीकी खराबी की जांच चल रही है।

एयर इंडिया के विमान में मिले कॉकरोच

सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में दो यात्रियों ने कॉकरोच की शिकायत की थी। इस मामले को लेकर एयर इंडिया की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि हमारे केबिन क्रू ने दोनों यात्रियों को उसी केबिन की दूसरी सीटों पर बैठाया, जहां वे आराम से बैठ गए। कोलकाता में हमारे ग्राउंड क्रू ने समस्या के समाधान के लिए तुरंत गहन सफाई की।

कंपनी ने कहा कि इसके बाद विमान समय पर मुंबई के लिए रवाना हुआ। हमारे तमाम प्रयासों के बावजूद, कभी-कभी ग्राउंड ऑपरेशन के दौरान कीड़े विमान में प्रवेश कर सकते हैं। एयर इंडिया इसके लिए जांच करेगी और ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए उपाय करेगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ