होली से पहले भीषण गर्मी की दस्तक, 40 डिग्री पहुंचा तापमान, इन राज्यों में बरसेंगे बादल, कब एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ?

Aaj Ka Mausam : देश के कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। होली से पहले ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला, जिससे जमकर बादल बरसेंगे। आइए जानते हैं कि क्या है आईएमडी का लेटेस्ट अपडेट?

Temperature

Aaj Ka Mausam : देश में होली से पहले गर्मी ने दस्तक दे दी। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, लेकिन दिन में तेज हवाएं चल रही हैं। अगले दो दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होना वाला है, जिससे कई इलाकों में जमकर बादल बरसेंगे। पूर्वोत्तर राज्यों में चक्रवात का भी असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है।

विज्ञापन

जानें कब एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ?

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर, ल‌द्दाख और हिमाचल प्रदेश में 9 से 13 मार्च तक बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। साथ ही उत्तराखंड में भी 10 से 13 मार्च तक बर्फबारी के साथ जमकर बादल बरसेंगे। पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर 12-13 मार्च को हल्की मध्यम बरसात हो सकती है। आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भी जमकर बादल बरसे।

विज्ञापन

इन राज्यों में बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर असम में चक्रवातीय हलचल तेज है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से अरुणाचल प्रदेश में 8 मार्च को तेज गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। असम, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम में 8 मार्च को बरसात होगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी 10-11 मार्च को जमकर बादल बरसेंगे। लक्षद्‌वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 11 मार्च को भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

विज्ञापन

अधिकतम तापमान में होगी बढ़ोतरी

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। पूर्व और पश्चिम भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान बढ़ेगा। गोवा, कोंकण और तटीय कर्नाटक में 8 मार्च को भी भीषण गर्मी पड़ेगी, जबकि गुजरात में 9 से 11 मार्च तक, केरल में 8-9 मार्च को, तटीय आंध्र प्रदेश में 8 मार्च को गर्मी के साथ आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। महाराष्ट्र में लू चलेगी।

इन राज्यों में 40 डिग्री पहुंचा पारा

पश्चिम भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मध्य भारत, राजस्थान, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, असम और त्रिपुरा में 30 से 35 डिग्री और उत्तर प्रदेश, बिहार, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान है।

विज्ञापन

दिल्ली एनसीआर का कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आई। राजधानी में शुक्रवार को मौसम साफ रहा और दिन में तेज हवाएं चलीं। दिल्ली एनसीआर में 8 मार्च को आसमान साफ रहेगा, लेकिन 9-10 मार्च को आसमान में दोपहर से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ