---विज्ञापन---

देश angle-right

चलेगी आंधी, गिरेंगे ओले, फिर भीगेगा उत्तर भारत, इन राज्यों में भयंकर ठंड के बीच बारिश की दस्तक!

Aaj Ka Mausam : देश में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। कई राज्यों में शनिवार को बादल बरसेंगे। भयंकर ठंड और घने कोहरे के बीच बारिश भी दस्तक देगी। इसे लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है।

---विज्ञापन---

Aaj Ka Mausam : कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच एक बार फिर उत्तर भारत भीगेगा। इसके बाद तापमान और गिरेगा, जिससे कई राज्यों में ठिठुरन बढ़ जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा, जिससे कई राज्यों में बारिश के साथ ओले गिरेंगे और आंधी भी चलेगी। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने अपडेट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में दक्षिण-पूर्व ईरान और पड़ोस में स्थित है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ पश्चिमी हवा के मिलने की संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 11 और 12 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और उससे सटे मध्य भारत में भी बादल बरसेंगे। राजस्थान, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश में 11 जनवरी को गरज के साथ बरसात होने के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है।

---विज्ञापन---

इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिससे आंध्र प्रदेश में 13 जनवरी को बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी में 12 से 14 जनवरी तक और केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 13-14 जनवरी को भीषण बारिश का अलर्ट है।

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें : चलेंगी ठंडी हवाएं, होगी बर्फबारी, गिरेंगे ओले; दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट

इन जिलों में जीरो रही विजिबिलिटी

---विज्ञापन---

IMD के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर चल रही है। पिछले 24 घंटे में पंजाब के अधिकांश हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिम मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे की विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर के बीच दर्ज की गई। पंजाब के अमृतसर, पटियाला, दिल्ली के पालम, सफदरजंग, हरियाणा के अंबाला, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, यूपी के कुशीनगर, कानपुर, प्रयागराज, आगरा में विजिबिलिटी जीरो रही।

घने कोहरे और तापमान का पूर्वानुमान

---विज्ञापन---

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जबकि मध्य भारत में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा। हालांकि, पूर्वी भारत में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। आईएमडी ने घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में रात और सुबह के समय 12-13 जनवरी को, उत्तर प्रदेश में 11 जनवरी को, राजस्थान में 11, 14 और 15 जनवरी को घनी धुंध रहेगी। मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : पूर्वी हवाएं बढ़ाएंगी ठंड, पश्चिम विक्षोभ से बरसेंगे बादल, इन राज्यों में कोल्ड वेव की चेतावनी

---विज्ञापन---

दिल्ली एनसीआर में बारिश का अलर्ट

पिछले 24 घंटे में दिल्ली एनसीआर में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच है। 11-12 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश और बूंदाबांदी होगी। सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बारिश के बाद ठंड बढ़ जाएगी। हालांकि, 13 जनवरी को आसमान साफ ​​रहेगा।

---विज्ञापन---
First published on: Jan 10, 2025 10:26 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola