---विज्ञापन---

40 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं, गरजेंगे बादल, गिरेगी बिजली; दिल्ली यूपी समेत इन राज्यों में बर्फबारी-बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam : उत्तर भारत में तापमान बढ़ा है, लेकिन बारिश के बाद फिर सर्दी का सितम बढ़ सकता है। कई राज्यों में चक्रवात के साथ पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, जिससे तेज हवाओं के साथ जमकर बादल बरसेंगे। इसे लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है।

Aaj Ka Mausam : देश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली। कहीं चक्रवात की हलचल है तो कहीं पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, जिससे कई राज्यों में आसमान में काले बादल छाएंगे और बर्फबारी के साथ भीषण बारिश होगी। साथ ही तेज गरज और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। हालांकि, तापमान में उछाल आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और उत्तरी तेलंगाना में पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जबकि पूर्वी राजस्थान, गुजरात और आंध्र प्रदेश में तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर 5.0 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा। दिल्ली, यूपी, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में सामान्य से ऊपर 3.0 से 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गोवा, कर्नाटक और केरल में रात के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें : चलेंगी तेज हवाएं, गिरेगी बिजली, चक्रवात के साथ पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा मुश्किलें; दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर असम में चक्रवात की हलचल तेज

पूर्वोत्तर असम पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन स्थित है, जिससे अरुणाचल प्रदेश में 17 से 23 फरवरी तक बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य में 19 फरवरी को भारी से बहुत भारी बरसात होगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 7 दिनों तक बादल बरसेंगे। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18-20 फरवरी के दौरान तेज गरज और बिजली गिरेगी, जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 फरवरी को 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी।

---विज्ञापन---

पहाड़ों में होगी बर्फबारी

पश्चिमी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर में चल रहा है और साइक्लोनिक सर्कुलेशन पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है, जिसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर, लद्दाख में 17 और 18 फरवरी को बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिससे गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में 19-20 फरवरी को गरज के साथ बौछारें और हल्की बरसात हो सकती है।

मैदानी इलाकों में गिरेंगे बादल

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19-20 फरवरी को भी तेज गरज और बिजली के साथ व्यापक बारिश होने के आसार हैं। साथ ही बर्फबारी भी होगी। इन राज्यों में 21-23 फरवरी के दौरान बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी पश्चिमी राजस्थान में 19 फरवरी को, पंजाब, हरियाणा में 19-20 फरवरी को, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को, छत्तीसगढ़ में 21 और 22 फरवरी को जमकर बादल बरसेंगे। आपको बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में जमकर बादल बरसे।

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें : चक्रवातीय हलचल तेज, बिगड़ेगा मौसम का मिजाज; इन राज्यों में बर्फबारी-बारिश का अलर्ट

जानें कहां कितना रहेगा मौसम?

उत्तर पश्चिम भारत में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा और उसके बाद 3 दिनों में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और सिक्किम में 19 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8-14 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जबकि राजस्थान, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 14-20 डिग्री सेल्सियस है। देश के मैदानी इलाकों में सोमवार को पंजाब के रोपड़ में सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

---विज्ञापन---

दिल्ली एनसीआर में भी बरसेंगे बादल

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। दिन में आज आसमान साफ ​रहा और 10-12 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलीं। 18 से 20 फरवरी तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 19 फरवरी को देर रात हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है और 20 फरवरी को सुबह के समय बादल बरसेंगे। दक्षिण-पूर्व दिशा से 18-20 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी।

First published on: Feb 17, 2025 09:27 PM

End of Article
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola