---विज्ञापन---

देश angle-right

मोटी सैलरी का सपना दिखाकर ट्रैवल एजेंट ने भेजा रूस, युवक ने वीडियो बनाकर दिखाई सच्चाई; बड़े स्कैम का हुआ खुलासा

आकाशदीप ने कहा, 'मैं यहां फंस गया हूं, मेरी मां जालंधर के अस्पताल में भर्ती है. यह एजेंट सभी को ठगता है. इसके झांसे में न आएं. मेरी युवाओं से अपील है कि कोई भी रूस न आए. यहां हरियाणा के भी काफी लड़के हैं. सभी एजेंट मिले हुए हैं.'

---विज्ञापन---

जालंधर से रूस गए एक युवक ने ट्रैवल एजेंट की ठगी का पर्दाफाश कर आपबीती सुनाई है. युवक ने दिल्ली एयरपोर्ट से मॉस्को पहुंचने तक के 5 वीडियो में अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए कहा कि ‘कोई भी एजेंट के चक्कर में फंसकर रूस मत आना. हमें यहां जंगल में छोड़ दिया है. अब समझ नहीं आ रहा है कि कहां जाएं? एजेंट ने जो वादे किए, वे हकीकत में बहुत बुरे निकले.’ युवक ने वीडियो में बताया कि उसका नाम आकाशदीप है. वह जालंधर के रामनगर का रहने वाला है.

मॉस्को में मोटी सैलरी का सपना

आकाशदीप 15 जून 2026 को दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर मॉस्को पहुंचे थे, उन्हें जालंधर के ही एजेंट पवन कुमार ने यहां भेजा. आकाशदीप के मुताबिक एजेंट ने कहा था कि मॉस्को में फल तोड़ने का काम है. इसके मोटे पैसे मिलेंगे और रहने को AC कमरे, बढ़िया खाना मिलेगा. आकाशदीप का आरोप है कि एजेंट का आदमी उसे जंगल के बीच बने कबाड़खाने जैसे घर में छोड़ गया है. उनके साथ हरियाणा और राजस्थान के भी युवक हैं. बाथरूम जैसे एक कमरे में 10 लोग सो रहे हैं.

---विज्ञापन---

एजेंट ने सुविधाओं का लालच देकर फंसाया

आकाशदीप ने वीडियो में कहा कि किसी एजेंट पर भरोसा मत करो. ये युवकों को झांसा देकर रूसी सेना में भर्ती करवा रहे हैं. युवक आकाशदीप ने बताया कि जालंधर के ही रहने वाले एजेंट पवन कुमार के जरिए उसने रूस का वीजा लगवाया था. वीजा लगाने के वक्त एजेंट ने बताया था कि रूस में फ्रूट तोड़ने का काम मिलेगा. इस काम में रूस में मोटा पैसा है. आकाशदीप ने बताया कि एजेंट की बातों में आकर उसने रूस का वीजा लगवा लिया. इसके बाद 15 जून को दिल्ली से मॉस्को की फ्लाइट पकड़ी और रूस पहुंच गया. वहां पहुंचकर पता चला कि जो एजेंट ने बताया था, वह सबकुछ झूठ था.

यह भी पढ़ें: रेखा गुप्ता सरकार का जनता पर फोकस, जन सेवा सदन में सुनीं लोगों की समस्याएं

---विज्ञापन---

मॉस्को से एजेंट का बंदा ले गया, जंगल में छोड़ा

आकाशदीप ने बताया कि उसे मॉस्को एयरपोर्ट से एजेंट का बंदा लेकर गया. इसके बाद उसे और उसके साथ 10 के करीब लड़कों को जंगल में छोड़ दिया. इन लड़कों में वह अकेला ही पंजाबी है. उसके साथ बाकी लड़के राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं. वे रातों को जंगल में भटकते रहे और किसी तरह जंगल के बीच बने एजेंट के ठिकाने पर पहुंचे.

छोटे से टूटे रूम में ठहरे 10 लोग

---विज्ञापन---

आकाशदीप ने वीडियो में बताया, ‘हमें बीच रास्ते में किसी कबाड़ वाली जगह टूटे से छोटे से कमरे में ठहरा दिया गया है. आगे क्या होगा और कहां लेकर जाएंगे, इसके बारे में जानकारी नहीं दी जा रही है. यहां 10 लड़के ऊपर-नीचे लगे बिस्तरों पर सोकर रातें काटने को मजबूर हैं. ऐसे हालात पर यहां रोना आ रहा है. मैं ये वीडियो इसलिए शेयर कर रहा हूं, ताकि परिवारवालों को पता चल सके कि मैं पहुंच गया हूं.’

छोटा सा टूटा टायलेट, जगंल में कहां जाएं?

---विज्ञापन---

आकाशदीप ने बताया, ‘मैं आपको अपने रहने की जगह और टॉयलेट भी दिखा देता हूं, ताकि पंजाब में रहने वाले दूसरे युवकों भी पता चल सके कि रूस की जिंदगी कैसी है. जिस किसी ने भी यहां आने का इरादा बनाया हो वे एजेंट के जरिए तो कभी न आएं. ये देखिए मेरा रूम, इसमें गंदे बिस्तर लगे हैं. टॉयलेट का हाल ऐसा है कि दरवाजा टूटा है और इसे खोलकर तो बिल्कुल भी दिखा नहीं सकता.

यह भी पढ़ें: एक्सपायर्ड ड्राइविंग लाइसेंस है तो बीमा क्लेम मिलेगा या नहीं? जानें कोर्ट ने क्या कहा और क्या हैं नियम

---विज्ञापन---

जंगल में फंसे युवा, एजेंट नहीं दे रहा पैसे

आकाशदीप ने कहा कि जंगल से बाहर कैसे निकलें, कुछ भी समझ नहीं आ रहा है. एजेंट के आदमी से पूछा तो उसने कहा कि उसे पैसा नहीं मिला है, इसलिए जब तक पैसा नहीं आता उन्हें आगे लेकर नहीं जाएगा. आकाशदीप ने कहा कि चारों तरफ देखो, घना जंगल है. यहां से बाहर कैसे जाना है, कोई रास्ता ही नहीं दिखता.

---विज्ञापन---

वर्क वीजा बोलकर लगवाया टूरिस्ट वीजा

आकाशदीप ने वीडियो में बताया, ‘एजेंट पवन ने मुझे रूस भेजने के वक्त कहा था कि तुम्हें वर्क वीजा दिला रहे हैं. यहां आकर पता चला कि ये तो टूरिस्ट वीजा है. जब एजेंट से पूछा तो उसने कहा कि कोई बात नहीं, एक्सटेंड हो जाएगा. यहां जाकर फिर पूछा तो कहने लगा कि मेरी जिम्मेदारी तुम्हें भेजने की थी. मैंने तुम्हें रूस की जमीन पर उतार दिया, अब मेरी जिम्मेदारी खत्म हो गई है. अब तुम जानो और तुम्हारा काम, तुम्हारे साथ यहां कुछ भी होता है तो मैं जिम्मेदार नहीं होऊंगा.

---विज्ञापन---

अस्पताल में भर्ती है मां

आकाशदीप ने कहा, ‘मैं यहां फंस गया हूं, मेरी मां जालंधर के अस्पताल में भर्ती है. यह एजेंट सभी को ठगता है. इसके झांसे में न आएं. मेरी युवाओं से अपील है कि कोई भी रूस न आए. यहां हरियाणा के भी काफी लड़के हैं. सभी एजेंट मिले हुए हैं और युवकों को यहां भेजकर रूस की सेना में भर्ती करवा रहे हैं. हरियाणा-राजस्थान के कई युवकों को जंग में धकेल दिया गया है.

---विज्ञापन---

First published on: Aug 06, 2026 12:26 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola