Dengue Fever Symptoms: डेंगू एक तेजी से बढ़ने वाला वायरल बुखार है जो मच्छर के काटने पर होता है. यह संक्रमित एडीज एजेप्टी मच्छर से फैलताहै और इस मच्छर के काटने के 5 से 6 दिनों में व्यक्ति को बुखार आने लगता है. यह एक खतरनाक बुखार होता है और इसमें फ्लू जैसे लक्षण ही नजर आते हैं. नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बॉर्न डिजीजेज कंट्रोल के अनुसार अगर व्यक्ति को डेंगू की आशंका लगती है तो उसे डॉक्टर से जरूर मिलना चाहिए. ऐसे में डेंगू के लक्षणों के बारे में पता होना जरूरी है. यहां जानिए डेंगू होने पर कौन-कौन सी दिक्कतें होती हैं और इसके लक्षण (Dengue Ke Lakshan) कैसे नजर आते हैं.
डेंगू के लक्षण और संकेत क्या होते हैं
- तेज बुखार आता-जाता रहता है
- सिर के सामने की तरफ दर्द होता है
- आंखों के पीछे दर्द होता है और आई मूवमेंट से दर्द बढ़ता है
- मसल्स और जोड़ों में दर्द होता है
- स्वाद आना बंद हो जाता है और भूख नहीं लगती है
- मीजल्स की तरह शरीर पर रैशेज निकल आते हैं, खासकर छाती और शरीर के ऊपरी हिस्से में
- जी मिचलाने लगता है और उल्टी आती है
डेंगू गंभीर होने पर कैसे लक्षण दिखते हैं
- डेंगू गंभीर हो जाने पर उल्टी आने लगती है और उल्टी में खून भी दिख सकता है
- नाक, मुंह, मसूड़ों और स्किन के रैशेज से खून बह सकता है
- हर समय नींद आती है और शरीर को आराम नहीं मिलता
- मरीज को प्यास लगती रहती है और मुंह सूखने लगता है
- पल्स कमजोर होने लगती है
- सांस लेने में दिक्कत होती है.
डेंगू का इलाज कैसे होता है
डेंगू के इलाज के लिए सबसे पहले लक्षण दिखते ही डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी होता है. इसके बाद इलाज शुरू होता है. डॉक्टर के कहेनुसार ट्रीटमेंट लेना चाहिए. प्लाजमा रिप्लेसमेंट होता ही, इलेक्ट्रोलाइट और मेटाबॉलिक डिस्टर्बेंस को करेक्ट किया जाता है और ब्लड ट्रांसफ्यूजन होता है.
मच्छरों से बचने के लिए क्या करें और क्या नहीं
क्या करना चाहिए – डेंगू या मलेरिया के मच्छरों से बचे रहने के लिए घर के आस-पास पानी इकट्ठा ना होने दें. घर के बाहर अगर किसी तरह के कंटेनर या टायर वगैरह में पानी है तो हटा दें. कूलर में गंदा पानी जमा ना होने दें. दिन में मच्छर ना काटें इसके लिए मॉस्कीटो रेपलेंट क्रीम वगैरह लगाएं. कोशिश करें कि मच्छरदानी में ही सोएं.
क्या ना करें –आस-पास पानी जमा ना होने दें और आधे बाजू के कपड़े पहनने से बचें. बच्चों को खासतौर से शॉर्टर और हाफ स्लीव वाले टीशर्ट में बाहर खेलने ना भेजें.
किस उम्र के लोगों को डेंगू ज्यादा प्रभावित करता है
डेंगू के मच्छर हर उम्र के व्यक्ति को काट सकते हैं. ऐसे में उपलब्ध डाटा के अनुसार डेंगू बुखार किसी भी उम्र और लिंग के व्यक्ति को हो सकता है. इसीलिए सभी को इससे बचे रहने की कोशिश करनी चाहिए.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.