2 हफ्ते बाद भी नहीं सूख रहा छोटा सा घाव? क्रीम लगाने से पहले कराएं शुगर टेस्ट, जानिए क्यों देर से भरती है चोट
अक्सर लोगों का सवाल रहता है कि उनका हफ्तों पुराना घाव भर नहीं रहा है, जबकि वह कई तरह की क्रीम का इस्तेमाल कर चुके हैं. आइए NIH और American Diabetes Association से जानते हैं किस बीमारी में मरीज का घाव जल्दी नहीं भरता है?
किस बीमारी में घाव जल्दी ठीक नहीं होता है? (Image: Pexels)
आमतौर पर पैर, हाथ या शरीर के किसी भी हिस्से पर चोट लगने पर घाव 3-4 दिन में भरने लगता है, लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका घाव कई हफ्तों से वैसा का वैसा ही है, जिस कारण दिल में डर बन जाता है कि, कहीं ये किसी गंभीर बीमारी का लक्षण तो नहीं? कई बार ये डर सच भी हो जाता है, क्योंकि इस तरह की स्थिति डायबिटीज की बीमारी की ओर इशारा करती है. अगर आप डायबिटीज और उसके लक्षणों के बारे में नहीं जानते हैं और आपकी चोट जल्दी भर नहीं रही है, तो आइए आपको बताते हैं क्या है ये बीमारी और क्या इससे राहत मिल सकती हैं?
अगर आपके परिवार में पहले किसी को डायबिटीज की बीमारी नहीं हुई है और आप पहले ऐसे इंसान है, जिसे ये गंभीर बीमारी हुई है, तो आपके लिए जरूरी हो जाता है कि आप जानें कि ये बीमारी है क्या? NIH के अनुसार, डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है, जो तब होती है, जब खून में ग्लूकोज का लेवल बढ़ने लगता है. ये ग्लूकोज आपके शरीर में एनर्जी पैदा करती है. इतना ही नहीं, आपको बता दें कि, इंसुलिन एक हार्मोन है जो पैंक्रियाज में बनता है, यह ग्लूकोज को आपकी सेल्स तक पहुंचाने में मदद करता है ताकि उसका इस्तेमाल एनर्जी के लिए सही तरीके से किया जा सके. लेकिन डायबिटीज की स्थिति में आपका शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता है/ बनाना बंद कर देता है या फिर इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता है. इस समस्या के कारण ग्लूकोज आपके खून में ही रहा है और आपकी कोशिकाओं तक नहीं पहुंच पाता है.
डायबिटीज में कैसे दिखते हैं लक्षण?
American Diabetes Association के अनुसार, डायबिटीज के ये लक्षण आम से दिख सकते हैं. हालांकि, कुछ लोगों में डायबिटीज के लक्षण इतने हल्के होते हैं कि उन पर ध्यान ही नहीं जाता. डायबिटीज के आम लक्षण कुछ इस प्रकार हो सकते हैं:
विज्ञापन
बार-बार पेशाब आना
बहुत ज्यादा प्यास लगना
बहुत ज्यादा भूख लगना, भले ही आप खाना खा रहे हों
बहुत ज्यादा थकान
धुंधला दिखना
चोट या घाव का धीरे-धीरे ठीक होना
वजन कम होना, भले ही आप ज्यादा खा रहे हों (टाइप 1)
हाथों/पैरों में झुनझुनी, दर्द या सुन्नपन महसूस होना (टाइप 2)
इस लिए अगर आपको ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं और शुगर टेस्ट कराएं.
क्या डायबिटीज की बीमारी ठीक हो सकती है?
आपको जानकर दुख होगा, लेकिन दूसरी बीमारियों की तरह डायबिटीज की बीमारी पूरी तरह ठीक नहीं हो सकती है. मेडिकल साइंस को अब तक इस बीमारी का स्पष्ट दवा व इलाज नहीं मिला है. हालांकि, जो लोग इस गंभीर बीमारी के शिकार हो जाते हैं, उन्हें अपनी डाइट, लाइफस्टाइल आदि चीजों पर महत्वपूर्ण बदलाव करना होता है, ताकि शुगर लेवल काबू में रहे. बता दें कि इस बीमारी का सबसे गंभीर असर, आंखों, किडनी, नसों और दिल को होता है, इसके अलावा कुछ तरह के कैंसर का भी खतरा बढ़ जाता है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.