What Is Liver: लिवर को जिगर या यकृत कहा जाता है. यह शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग कहलाता है. इसे शरीर का पावरहाउस और फिल्टर भी कहते हैं. मनुष्य के पेट के दाहिने हिस्से में पसलियों के ठीक नीचे लिवर होता है. इसका रंग गहरा लाल या फिर भूरा होता है. लिवर को शरीर का फूड प्रोसेसिंग प्लांट भी कहा जा सकता है. शरीर की सफाई, पित्त बनाना और ऊर्जा को स्टोर करने जैसे काम करता है लिवर. यहां जानिए लिवर क्या काम करता है, लिवर की बीमारियां (Liver Disease) कैसे शुरू होती हैं, लिवर खुद को कैसे रिकवर करता है और लिवर कैंसर कैसे शुरु होता है.
लिवर क्या काम करता है | What Does Liver Do
शरीर की सफाई – लिवर एक फिल्टर की तरह काम करता है. यह शरीर के जहरीले पदार्थों को, शराब और दवाओं के कचरे को निकालने में मददगार होता है.
पित्त बनाता है – लिवर पित्त रस बनाता है. इसे बाइल कहते हैं. यह पित्त हमारे द्वारा खाए गए भोजन की वसा पचाने में मदद करता है. लिवर ना हो तो शरीर फैट को पचा ही नहीं पाएगा.
प्रोटीन का निर्माण – लिवर के द्वारा बनाया गया प्रोटीन खून का थक्का जमाने में मदद करता है. इससे अगर चोट लगती है तो खून बहना बंद हो जाता है.
ऊर्जा का भंडार है लिवर – हम जो कुछ खाते हैं उसमें से अतिरिक्त शुगर को ग्लाइकोजन के रूप में जमा करता है लिवर. हमें जब भी ऊर्जा की जरूरत होती है तो लिवर इसे वापस ग्लूकोज में बदलकर शरीर को ताकत देने लगता है.
पोषक तत्वों का बैंक – लिवर विटामिन और आयरन जैसे तत्वों को अपने अंदर स्टोर करता है और शरीर में जहां जरूरत होती है वहां इन पोषक तत्वों को पहुंचाता है.
लिवर की समस्या कैसे शुरू होती है ( How Liver Problems Begin)
लिवर की समस्या रातोंरात शुरू नहीं होती है बल्कि यह हमारी गलत आदतों के कारण होने वाली समस्या है जो धीरे-धीरे पनपती है. आमतौर पर इन गलतियों से लिवर की दिक्कत शुरू होती है –
- गलत खान-पान लिवर की समस्या का सबसे बड़ा कारण कहा जा सकता है. खानपान में चीनी, फ्रुक्टोज, तली-भुनी चीजें और प्रोसेस्ड फूड्स ज्यादा होने पर लिवर अतिरिक्त ऊर्जा को फैट में बदलता है. यह एक्स्ट्रा फैट ही लिवर में जमने लगता है.
- शराब का अत्यधिक सेवन करने पर लिवर को हानि होती है. लिवर में हानिकारक केमिकल्स, बनते हैं जो लिवर की हेल्दी कोशिकाओं को नष्ट करने लगते हैं.
- मोटापा और सुस्त जीवनशैली लिवर की समस्याओं को बढ़ा देती है. मेटाबॉलिज्म सही ना हो तो लिवर के आस-पास फैट जमा होने लगता है.
- खराब पानी या दूषित भोजन से, संक्रमित खून या सूंई लगने पर या हेपेटाइटिस संक्रमण के कारण वायरस लिवर में जा सकते हैं और लिवर को नुकसान पहुंचाते हैं.
लिवर डिजीज या लिवर की बीमारी कैसे बढ़ती है ( Liver Disease Causes)
लिवर की बीमारी 4 स्टेज में बढ़ती है –
फैटी लिवर – यह लिवर डिजीज की पहली स्टेज (Liver Disease First Stage) है जिसमें लिवर की कोशिकाओं में चर्बी जमा होने लगती है. इस स्टेज को सही डाइट से ठीक किया जा सकता है.
लिवर में सूजन होना – लिवर इंफ्लेमेशन या हेपेटाइटिस की स्थिति तब आती है जब चर्बी ज्यादा बढ़ जाती है और लिवर में सूजन आने लगती है. इसे स्टीटोहेपेटाइटिस भी कहा जाता है.
फाइब्रोसिस – लिवर में लगातार सूजन रहने के कारण लिवर पर जख्म होने लगते हैं. इन स्कार टिशूज के कारण लिवर की स्वस्थ कोशिकाएं खत्म होने लगती हैं.
सिरोसिस – यह लिवर की सबसे गंभीर स्थिति है. इसे लिवर सिरोसिस कहा जाता है जिसमें लिवर पूरी तरह से सख्त हो जाता है और काम करना बंद कर देता है.
लिवर कैंसर क्या होता है (What Is Liver Cancer)
लिवर कैंसर एक ऐसी स्थिति है जिसमें लिवर में असामान्य रूप से कोशिकाएं बढ़ने लगती हैं और ट्यूमर या गांठ की शक्ल ले लेती हैं. इससे लिवर धीरे-धीरे काम करना बंद कर देता है. प्राइमेरी लिवर कैंसर में कैंसर लिवर की कोशिकाओं से शुरू होता है. हेपेटोसेलुलर कार्सिनोमा इसका सबसे सामान्य प्रकार है. सेकेंडरी लिवर कैंसर को मेटास्टैटिक कैंसर कहते हैं. इसमें कैंसर लिवर में शुरू नहीं होता है बल्कि शरीर के किसी दूसरे अंग से शुरू होकर बढ़ते हुए लिवर में आ जाता है.
लिवर कैंसर कैसे होता है (Liver Cancer Causes)
- लिवर अगर काम करना बंद कर देता है या लिवर सिरोसिस हो जाने पर लिवर कैंसर का खतरा बढ़ जाता है.
- क्रोनिक हेपेटाइटिस में लिवर कैंसर का खतरा बढ़ता है.
- फैटी लिवर होने के कारण लिवर कैंसर हो सकता है.
- ज्यादा शराब पीने वाले लोगों की लिवर की कोशिकाएं डैमेज हो जाती हैं और लिवर कैंसर का खतरा पनपता है.
- खानपान अगर सही ना हो तो इससे भी लिवर कैंसर हो सकता है.
लिवर कैंसर होने के क्या लक्षण होते हैं (Liver Cancer Symptoms)
- वजन कम होने लगता है
- भूख में कमी आ जाती है
- पेट के ऊपरी हिस्से पर दर्द रहने लगता है
- जी मितलाने लगता है, उल्टी आती है
- दाहिनी कंधे में दर्द हो सकता है
- पेट में सूजन आ जाती है
- पीलिया हो जाता है
- त्वचा पर खुजली होने लगती है
- हथेलियां असामान्य रूप से लाल नजर आने लगती है
- हर समय शरीर में थकान महसूस होती है
- पेशाब और मल के रंग में अंतर आ जाता है. पेशाब चाय की तरह गहरे रंग का और मल मिट्टी या हल्के पीले रंग का दिखने लगता है.
- बुखार आता है और रात में पसीना आता है.
लिवर की सामान्य दिक्कतों के क्या लक्षण होते हैं (Liver Disease Symptoms)
लिवर खराब होना शुरू होता है या लिवर की समस्या शुरू होती है तो खानपान में दिक्कतें आने लगती हैं. गैस और ब्लोटिंग होने लगती है, पेट में भारीपन महसूस होता है और सीने में जलन होने लगती है. लगातार थकान और कमजोरी महसूस होती है. इसके अलावा, भूख में कमी आने लगती है. पेशाब का रंग गहरा होना, आंखों और नाखूनों का पीला दिखना और मुंह से बदबू आना लिवर की दिक्कतों की तरफ इशारा हो सकता है.
लिवर किस समय खुद को रिपेयर करता है (How Liver Repairs Itself)
लिवर रात के समय खुद को रिपेयर करता है और शटडाउन मोड में चला जाता है. रात के समय लिवर अपनी पूरी शक्ति सफाई और मरम्मत में लगाता है. रात 11 बजे से 3 बजे के बीच लिवर सबसे सक्रिय होता है क्योंकि इस समय शरीर स्थिर होता है और ब्लड फ्लो लिवर की ओर बढ़ जाता है. इस समय लिवर दिनभर के जमा गंदे टॉक्सिंस और मेटाबॉलिक कचरे को छानकर अलग करता है.
यह भी पढ़ें – शुगर के मरीजों के लिए कौन सी सब्जियां अच्छी होती हैं? न्यूट्रिशनिस्ट ने कहा ब्लड शुगर होने लगेगा कम
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.
संबंधित खबरें
रोजाना 6 घंटे से कम सोते हैं तो जान लें सेहत पर पड़ने वाले ये प्रभाव
1 hr agoसोने के वक्त क्यों याद आते हैं बॉस के ताने और अधूरे काम? ऐसे मिलेगी राहत
2 hrs agoव्रत रख रहे हैं तो कभी ना करें ये 5 गलतियां, हो सकता है नुकसान
5 hrs agoछोटी बात पर रोने या डरने लगता है बच्चा? कहीं एंग्जायटी का शिकार तो नहीं
21 hrs agoडायबिटीज के मरीज नवरात्रि में भूखे रहें या नहीं? जानिए व्रत रखते वक्त क्या
23 hrs agoसर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या हैं? अक्सर महिलाएं कर देती हैं इग्नोर
1 day agoकैसे पता चलेगा आप या आपका कोई अपना हो गया है डिप्रेशन का शिकार?
1 day agoआखिर ट्रीटमेंट के बाद भी क्यों लौट आता है कैंसर? एक्सपर्ट जानिए वजह
1 day agoनवरात्रि से पहले 15,000 की IV ड्रिप लगवा रहे हैं अहमदाबाद के Gen Z
2 days agoवैज्ञानिकों ने ढूंढ निकाला गांव जहां असाधारण लंबी उम्र जीती हैं महिलाएं
2 days agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines