Dipika Kakar Cancer Recovery: एक्ट्रेस दीपिका कक्कर को साल 2025 में स्टेज 2 लिवर कैंसर (Stage 2 Liver Cancer) हुआ था जिसके बाद 14 घंटों की रोबोटिक सर्जरी के बाद दीपिका का ट्यूमर रिमूव किया गया और दीपिका कैंसर फ्री हो गईं. लेकिन, नए सिस्ट बनने के कारण अब दीपिका को रेग्यूलर इम्यूनोथेरैपी, स्कैन और ब्लड टेस्ट्स वगैरह करवाने पड़ते हैं. वहीं, अपनी सेहत को लेकर दीपिका अपने यूट्यूब चैनल से फैंस को अपडेट्स देती रहती हैं. अपने ऐसी ही एक हालिया व्लॉग में दीपिका ने बताया है कि कैंसर फ्री (Cancer Free) होने के बाद अब वे किस तरह की डाइट लेती हैं और खुद को हेल्दी रखने के लिए क्या करती हैं.
कैंसर के बाद कैसी है दीपिका की डाइट
दीपिका कहती हैं कि हेल्दी रहने के लिए या किसी भी बीमारी से निकलने के लिए सबसे जरूरी चीज है हमारी डाइट. दीपिका ने बताया कि उन्होंने अपनी डाइट में कई छोटे-छोटे बदलाव किए हैं. वे कहती हैं कि डाइट मेंटेन करने में वक्त लगता है क्योंकि मन कभी कुछ तो कभी कुछ और खाने का करता ही है, लेकिन इन चीजों को अपने इंग्रीडिएंट्स के हिसाब से बनाना जरूरी है.
अपनी डाइट के बारे में बताते हुए दीपिका ने कहा कि सभी का शरीर अलग होता है इसीलिए खानपान भी अलग हो सकता है. डिनर में दीपिका अपने लिए बाजरे का पराठा बनाती हैं और सब्जी, दाल और सलाद के साथ खाती हैं. वीडियो में परांठे के लिए आटा गूंथते हुए दीपिका आटे में जीरा पाउडर, प्याज, ब्लांच किया पालक, घी और लहसुन के साथ ही बची हुई दाल भी डालती हैं.
दीपिका सलाह देती हैं कि, सही खाना खाना, सही वक्त पर खाना खाना और हर बार खाना खाने के बाद थोड़ी देर के लिए टहलना अच्छा होता है. फास्ट वॉकिंग या ब्रिस्क वॉक नहीं बल्कि नॉर्मली भी वॉक की जा सकती है.
आजकल होने लगी हैं ये दिक्कतें
अपनी सेहत को लेकर दीपिका अपडेट देती हैं और बताती हैं कि अक्सर ही उनका जी मिचलाने लगता है. मुंह में छाले फिर से होने लगे हैं. वे कहती हैं कि इस समय पर खासतौर से अपने न्यूट्रिशन से समझौता नहीं किया जा सकता है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.