Cancer And AI: कैंसर के इलाज में रिपोर्ट्स देखकर और लंबी मॉनिटरिंग के बाद डॉक्टर इस निष्कर्ष पर आते हैं कि मरीज के बचने की संभावना है या नहीं. लेकिन, द लांसेट डिजिटल हेल्थ में छपी स्टडी रिसर्च के मुताबिक अब AI कैंसर के मरीज की फोटो देखकर यह बता सकेगा कि मरीज के बचने की संभावना कितनी है. अपनी रिसर्च में वैज्ञानिकों ने AI के इस मॉडल को 4 करोड़ से ज्यादा लोगों के चेहरों की फोटोज और 30 हजार से ज्यादा कैंसर के मरीजों की फोटोज से ट्रेन किया है. ट्रेनिंग के बाद एआई ने कैंसर सर्वाइवल के बारे में बताया है.
90 दिनों में मौत का जोखिम बताएगा AI
वैज्ञानिकों ने इस रिसर्च के लिए AI को ट्रेन किया है. इस रिसर्च के लिए AI ने मरीजों को जोखिम के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा. इसमें देखा गया कि किन मरीजों का स्कोर कितना है. जिन मरीजों का जोखिम स्तर सबसे ज्यादा था उनमें आने वाले 90 दिनों में मौत की आशंका भी ज्यादा देखी गई.
चेहरे के इस हिस्से को देखता है AI
AI के इस मॉडल ने लोगों के चेहरे की फोटोज को देखकर उनकी उम्र का अनुमान भी लगाया है जिसमें औसत त्रुटि करीब 5 साल रही. रिसर्चर्स ने बताया कि एआई चेहरे पर नाक के ऊपरी हिस्से और आंखों के नीचे के हिस्से पर खासतौर से ध्यान देकर आकलन करता है.
क्या अभी इस्तेमाल में लाई जा रही है यह तकनीक
AI से मरीज के जीने-मरने की संभावना बताने वाली यह तकनीक अभी चिकित्सीय इस्तेमाल के लिए तैयार नहीं है. इसके अलावा, अभी यह साबित होना भी बाकी है कि इससे डॉक्टरों के मौजूदा आकलन के अलावा कोई और अतिरिक्त जरूरी जानकारी मिलती है या नहीं. ऐसे में फिलहाल इस तकनीक को डॉक्टरों के निर्णय में मदद करने वाले एक्स्ट्रा साइन या संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
चेहरे से कैसे पता चलता है शरीर के अंदर का हाल
व्यक्ति जब बीमार होता है तो बीमारी के संकेत चेहरे पर भी नजर आने लगते हैं. ऐसा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने पर और अंगों की विफलता के कारण भी होता है. इससे चेहरे के आकार में फर्क आने लगता है, त्वचा की रंगत बदल जाती है, सूजन आ सकती है और कुछ स्पेसिफक दिक्कतें हो सकती हैं. ऐसे में बीमारी लंबी है या छोटी और किस स्टेज पर पहुंच चुकी है इसका अंदाजा कुछ हद तक चेहरे से भी लग जाता है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.