Jasprit Bumrah IND vs ENG: ओवल में टीम इंडिया के लिए सीरीज दांव पर है। चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ कराने के बावजूद शुभमन गिल की सेना सीरीज में 1-2 से पीछे है। हर किसी के मन में यह सवाल है कि क्या जसप्रीत बुमराह पांचवां टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे? सीरीज के आगाज से पहले हेड कोच गौतम गंभीर का कहना था कि वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए बुमराह को सिर्फ तीन ही टेस्ट मैच खिलाए जाएंगे।
जस्सी तीन टेस्ट मैच तो खेल चुके हैं। मगर चिंता की बात यह है कि ओवल में बुमराह के बिना उतरना भारतीय टीम के लिए खतरे से खाली नहीं होगा। बुमराह पांचवें टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा होंगे या नहीं इस बात का जवाब खुद कप्तान शुभमन गिल ने दे दिया है।
बुमराह पर गिल ने दिया अपडेट
टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने पांचवें टेस्ट में बुमराह के खेलने को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बातचीत करते हुए गिल ने कहा, “हम बुमराह के खेलने पर फैसला कल लेंगे। विकेट काफी ग्रीन लग रही है हम देखेंगे।”
चौथे टेस्ट मैच में बुमराह कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। जस्सी ने मैनचेस्टर में 33 ओवरों का स्पेल फेंका था। इस दौरान उन्होंने 112 रन खर्च किए थे और सिर्फ 2 ही विकेट उनकी झोली में आए थे। यह पहला मौका रहा जब बुमराह ने अपने टेस्ट करियर में 100 से ज्यादा रन खर्च किए।
भारत की तरफ से चटकाए हैं सर्वाधिक विकेट
जसप्रीत बुमराह इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज रहे हैं। 3 मैचों में जस्सी अब तक कुल 14 विकेट निकाल चुके हैं। वह सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। बुमराह से ज्यादा विकेट सिर्फ बेन स्टोक्स ने लिए हैं। यही वजह है कि भारतीय टीम और फैन्स की चाहत है कि बुमराह ओवल में मैदान पर उतरें। हालांकि, टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर यह है कि आकाशदीप और अर्शदीप भी पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। यानी गिल की सेना पांचवें टेस्ट में अपनी पूरी स्ट्रेंथ के साथ ग्राउंड पर उतर सकती है।