Games Banned in Kabirdham: Free Fire MAX और BGMI को भारत में बहुत पसंद किया जाता है। लाखों लोग हर दिन यह गेम खेलते हैं। अब इन गेम्स को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ के एक जिले की ग्राम पंचायत में इन गेम को बैन कर दिया गया है। अगर कोई इन्हें खेलता हुआ पकड़ा गया, तो उसपर 5 हजार का जुर्माना लगेगा। यह खबर कई सारे गेमर्स को जरूर हैरान कर देगी।
कबीरधाम में बैन हुआ Free Fire MAX और BGMI
छोटे बच्चों में Free Fire MAX और BGMI की लत बढ़ते जा रही है। दोनों ही गेम अपनी ओर से सीमित मात्रा में खेलने की सलाह देते हैं। हालांकि, कई लोग इन नियमों का पालन नहीं करते हैं। इसी वजह से उनपर गेम का बुरा असर पड़ रहा है। अब छत्तीसगढ़ राज्य के कबीरधाम जिले में बड़ा निर्णय किया गया है। चुरिया ब्लॉक में स्थित गहिराभेड़ी में इस गेम को खेलने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
गहिराभेड़ी पंचायत में कोई भी बच्चा अगर Free Fire MAX या BGMI जैसे गेम खेलते हुए पकड़ा गया, या उसके खिलाफ शिकायत हुई, तो फिर 5 हजार का फाइन उनके माता-पिता से लिया जाएगा। यह फैसला बच्चों की गेमिंग को लेकर खराब लत को सुधारने के लिए लिया गया है, ताकि बच्चे पढ़ाई पर ध्यान दें। यह फैसला बच्चों को घर से बाहर निकलकर अलग-अलग खेल खेलने पर मजबूर भी करेगा।
Free Fire MAX और BGMI खेलने वालों को पकड़वाने पर भी इनाम
BGMI और Free Fire MAX गेम को खेलने वाले प्लेयर्स को अगर गहिराभेड़ी पंचायत में कोई पकड़वाता है, तो उसे भी इनाम मिलेगा। अगर उनकी खबर सच निकली, तो फिर 1 हजार रूपये का इनाम दिया जाएगा। पंचायत में इसी वजह से फैसले को लेकर लगातार लोगों को बताया जा रहा है, ताकि सभी सतर्क रहें और छोटे बच्चों को गेमिंग से दूर रखें। कबीरधाम में लिया गया यह फैसला अन्य जगहों पर भी गेमिंग को लेकर सतर्कता बढ़ा सकता है।