फोन में WhatsApp इस्तेमाल करते-करते कब स्टोरेज फुल हो जाती है. इसका पता ही नहीं चलता. रोज आने वाले गुड मॉर्निंग मैसेज, फैमिली फोटो, लंबे वीडियो और ऑफिस की फाइलें धीरे-धीरे फोन की काफी जगह घेर लेता हैं. इसके बाद फोन में Storage is Full का अलर्ट दिखने लगता है और क्लाउड बैकअप भी रुक सकता है. अगर आपके फोन में भी स्टोरेज की यही समस्या है, तो WhatsApp का एक इन-बिल्ट टूल काफी काम आ सकता है.
WhatsApp Storage Manager टूल
WhatsApp में एक इन-बिल्ट स्टोरेज मैनेजर दिया गया है. इसे ऐप की सेटिंग्स में जाकर इस्तेमाल किया जा सकता है. यह टूल बताता है कि WhatsApp और उससे जुड़े मीडिया ने फोन की कितनी स्टोरेज घेर रखी है. इसकी मदद से बड़ी और गैर-जरूरी फाइलों को आसानी से ढूंढकर हटाया जा सकता है.
WhatsApp का यह फीचर Android और iOS दोनों डिवाइस पर उपलब्ध है. इसमें आप देख सकते हैं कि फोन में कितनी स्टोरेज बची है और WhatsApp की कौन-कौन सी फाइलें सबसे ज्यादा जगह ले रही हैं. इससे बिना जरूरी फाइलों को ढूंढने में ज्यादा समय नहीं लगाना पड़ता.
5MB से बड़ी फाइलें एक जगह दिखेंगी
स्टोरेज मैनेजर की मदद से 5MB से बड़ी फाइलों को अलग से देखा जा सकता है. इसमें बड़े वीडियो, फोटो, डॉक्यूमेंट्स और दूसरी फाइलें शामिल हो सकती है. अगर इनमें से कोई फाइल आपके काम की नहीं है तो उसे चुनकर डिलीट किया जा सकता है.
बार-बार फॉरवर्ड होने वाली फाइलें भी हटाएं
WhatsApp स्टोरेज मैनेजर उन फोटो और वीडियो को भी पहचानने में मदद करता है, जिन्हें कई बार फॉरवर्ड किया गया है. ऐसे मीडिया की वजह से भी फोन में काफी जगह भर सकती है. अप इन्हें एक जगह देखकर गैर-जरूरी फाइलों को हटा सकते हैं.
कैसे डिलीट करें फाइल्स
पहले WhatsApp की सेटिंग्स खोलें
WhatsApp स्टोरेज खाली करने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें. Android यूजर्स को ऊपर दाएं कोने में दिए गए थ्री-डॉट मेन्यू पर टैप करके Settings में जाना होगा. वहीं iPhone यूजर्स नीचे मेन्यू बार में दिए गए प्रोफाइल आइकन पर टैप करके Settings में जा सकते हैं.
अब Manage Storage पर जाएं
Settings में जाने के बाद Storage and Data विकल्प पर टैप करें. इसके बाद सबसे ऊपर दिखाई दे रहे Manage Storage विकल्प को चुनें. यहां आपको WhatsApp की फाइलों से जुड़ी स्टोरेज की पूरी जानकारी दिखाई देगी.
बड़ी फाइलों को चुनकर करें डिलीट
Manage Storage में आपको Larger than 5MB नाम का सेक्शन दिखाई देगा. इस पर टैप करने के बाद बड़ी फाइलों की लिस्ट सामने आ जाएगी. अब जिन फोटो, वीडियो या दूसरी फाइलों की जरूरत नहीं है, उन्हें चुनकर डिलीट कर सकते हैं. अगर एक साथ सभी फाइलों को हटाना है, तो ऊपर दिए गए Select All विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है.
Forwarded फाइलों की भी करें सफाई
स्टोरेज मैनेजर पेज पर वापस जाकर Forwarded Many Times सेक्शन में जाएं. यहां आपको अलग-अलग ग्रुप्स और चैट्स से कई बार शेयर की गई फाइलें मिल सकती हैं. गैर-जरूरी डुप्लिकेट वीडियो, ऑडियो या डॉक्यूमेंट्स को चुनकर डिलीट किया जा सकता है.
मीडिया ऑटो-डाउनलोड बंद करके बचाएं स्पेस
WhatsApp की फाइलों को बार-बार अपने आप डाउनलोड होने से रोककर भी स्टोरेज बचाई जा सकती है. इसके लिए Settings में जाकर Storage and Data पर जाएं. यहां When Using Mobile Data और When Connected on Wi-Fi में जाकर सभी मीडिया का ऑटो-डाउनलोड बंद किया जा सकता है. इसके बाद कोई फोटो या वीडियो तभी डाउनलोड होगा, जब आप खुद उस पर टैप करेंगे.
गैर-जरूरी चैट्स में ऑन करें Disappearing Messages
जिन ग्रुप्स या चैट्स में आने वाली फोटो, वीडियो और दूसरी फाइलें लंबे समय तक काम की नहीं होती हैं, वहां Disappearing Messages फीचर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे तय समय के बाद मैसेज अपने आप गायब हो जाते हैं और लंबे समय तक गैर-जरूरी डेटा जमा होने से बचाया जा सकता है.
स्टोरेज खाली होने से बैकअप भी रहेगा आसान
WhatsApp की गैर-जरूरी फाइलों को समय-समय पर हटाने से फोन में खाली जगह बनी रहती है. साथ ही बैकअप का साइज भी कम हो सकता है, जिससे नए फोन में डेटा ट्रांसफर करने में कम समय लग सकता है. इसलिए फोन में स्टोरेज खत्म होने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर WhatsApp का स्टोरेज मैनेजर चेक करना बेहतर है.
ये भी पढे़ं- WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट, ऐप में आया Search Shortcut फीचर, पुराना मैसेज ढूंढना होगा आसान