WhatsApp ला रहा कमाल का फीचर! अब शोर में भी कॉल पर क्रिस्टल क्लियर सुनाई देगी आपकी आवाज
Author: Mikita Acharya
Apr 07, 2026 01:33 PM IST
WhatsApp New Calling Feature Update: आज के समय में WhatsApp सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कॉलिंग के लिए भी करोड़ों लोग इसी ऐप पर भरोसा करते हैं. ऐसे में कंपनी लगातार नए फीचर्स लाकर यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने की कोशिश करती रहती है. अब WhatsApp एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी में है, जो खासतौर पर कॉलिंग को और आसान और क्लियर बना देगा. इस फीचर की मदद से शोर-शराबे में भी आपकी आवाज साफ सुनाई देगी.
WhatsApp जिस नए फीचर पर काम कर रहा है, वह Noise Cancellation से जुड़ा है. इसका मतलब है कि कॉल के दौरान आसपास का बेकार शोर अपने आप कम हो जाएगा और आपकी आवाज ज्यादा साफ सुनाई देगी. इससे कॉलिंग का एक्सपीरियंस पहले से काफी बेहतर हो सकता है.
भीड़ और शोर में भी क्लियर आवाज
इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह रियल-टाइम में काम करेगा. यानी अगर आप सड़क, कैफे या किसी भी भीड़भाड़ वाली जगह पर कॉल कर रहे हैं, तो बैकग्राउंड का शोर अपने आप कम हो जाएगा और सामने वाले तक सिर्फ आपकी आवाज पहुंचेगी. यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए काफी काम का साबित होगा, जो अक्सर बाहर रहते हैं या जिनका काम ही ऐसे माहौल में होता है जहां शोर ज्यादा होता है. जैसे फील्ड जॉब करने वाले लोग, ट्रैवल करने वाले यूजर्स या भीड़भाड़ वाली जगहों पर काम करने वाले लोग.
बिना किसी झंझट के आसान इस्तेमाल
इस फीचर को इस्तेमाल करना भी काफी आसान होगा. यूजर्स को इसके लिए कोई अलग ऐप या डिवाइस की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह सीधे WhatsApp के अंदर ही मिलेगा और वॉइस के साथ-साथ वीडियो कॉल में भी काम करेगा.
यूजर्स के कंट्रोल में रहेगा फीचर
हालांकि यह फीचर डिफॉल्ट रूप से ऑन रहेगा, लेकिन यूजर्स चाहें तो इसे आसानी से ऑन या ऑफ भी कर सकेंगे. कॉल के दौरान ही इसका कंट्रोल दिया जाएगा, जिससे जरूरत के हिसाब से इसे इस्तेमाल किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें- आज एंट्री लेगा OnePlus Nord 6, फीचर्स देखकर भूल जाएंगे बाकी फोन, ऐसे देखें लाइव इवेंट