मोबाइल डेटा खत्म होने पर अक्सर अलग से डेटा पैक लेना पड़ता है. लेकिन अब Vi प्रीपेड यूजर्स के लिए यह काम थोड़ा आसान होने वाला है. कंपनी ने प्रीपेड यूजर्स के लिए नया फैमिली प्लान लॉन्च किया है, जिसमें परिवार के सदस्य एक-दूसरे के साथ मोबाइल डेटा शेयर कर सकेंगे. खास बात यह है कि इसके लिए सभी सदस्यों का एक ही शहर में रहना जरूरी नहीं होगा.
यानी परिवार का एक सदस्य दिल्ली में है और दूसरा किसी दूसरे शहर में, तब भी दोनों डेटा शेयर कर सकेंगे. इसके साथ ही फैमिली ग्रुप के सदस्यों को Vi ऐप से रिचार्ज करने पर 10 प्रतिशत तक की छूट भी मिलेगी. Vi ने अपने इस नए फीचर को ‘Vi पे सब हैं VIP’ टैगलाइन के साथ पेश किया है.
कैसे शेयर कर सकेंगे डेटा?
फैमिली डेटा शेयरिंग का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले Vi ऐप पर फैमिली डैशबोर्ड बनाना होगा. इसके बाद यूजर अपने परिवार के दूसरे सदस्यों को इस ग्रुप में जोड़ सकता है. कंपनी ने इस फीचर को समझाने के लिए एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें फैमिली डैशबोर्ड बनाने और सदस्यों को जोड़ने की प्रोसेस बताई गई है.
Vi के नए फैमिली प्लान में एक ग्रुप के अंदर कुल चार सदस्य शामिल हो सकते हैं. इसमें एक प्राइमरी मेंबर होगा, जबकि अधिकतम तीन सेकेंडरी मेंबर जोड़े जा सकेंगे. एक्टिव Vi प्रीपेड यूजर्स Vi ऐप के जरिए अपना फैमिली ग्रुप बना सकते हैं और उसमें दूसरे सदस्यों को शामिल कर सकते हैं.
अपना अलग रिचार्ज और प्लान भी रहेगा
इस सुविधा की खास बात ये है कि फैमिली ग्रुप में शामिल होने के बाद सभी सदस्यों को एक ही प्लान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. हर सदस्य का अपना प्रीपेड प्लान और उसकी वैलिडिटी पहेल की तरह बनी रहेगी. यानी परिवार के लोग अपने-अपने मौजूदा प्लान का इस्तेमाल करते हुए जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे के साथ डेटा शेयर कर सकेंगे.
एक बार में 500MB डेटा कर सकेंगे शेयर
Vi के मुताबिक, फैमिली ग्रुप का कोई सदस्य दूसरे सदस्य को एक बार में 500MB डेटा भेज सकता है. हालांकि, एक दिन में कितनी बार 500MB डेटा ट्रांसफर किया जा सकेगा और शेयर किए गए डेटा की वैलिडिटी कितनी होगी, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है.
रिचार्ज पर मिलेगा 10% तक डिस्काउंट
डेटा शेयरिंग के अलावा Vi फैमिली ग्रुप के सदस्यों को रिचार्ज पर भी फायदा मिलेगा. कंपनी के मुताबिक, फैमिली ग्रुप में शामिल सदस्य Vi ऐप के जरिए रिचार्ज करने पर 10 प्रतिशत तक की छूट पा सकते हैं. हालांकि, कितनी छूट मिलेगी, यह रिचार्ज प्लान और लागू ऑफर पर निर्भर हो सकता है. इसलिए रिचार्ज करने से पहले Vi ऐप में उपलब्ध ऑफर और उसकी शर्तें जरूर देखना बेहतर रहेगा.