मुंबई पुलिस और उत्तरप्रदेश पुलिस ने Android स्मार्टफोन यूजर्स के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट में यूजर्स को WhatsApp Pink नामक ऐप डाउनलोड न करने की वार्निंग दी गई है। इस संबंध में पुलिस ने एक ट्वीट लिखते हुए कहा है कि "WhatsApp Pink - एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए एक रेड अलर्ट", साथ ही एक तस्वीर के साथ इस ऐप को डाउनलोड करने के नतीजों और इससे बचने के उपायों के बारे में बताया है।
तस्वीर में लिखा है, "'अतिरिक्त फीचर्स के साथ नए पिंक लुक वाले व्हाट्सऐप के बारे में हाल ही में व्हाट्सऐप उपयोगकर्ताओं के बीच चल रही खबर एक अफवाह है जो दुर्भावनापूर्ण सॉफ़्टवेयर के माध्यम से आपके मोबाइल को हैक कर सकती है।"
यह भी पढ़ें: WhatsApp पर आएगा नया फीचर, एक साथ 32 लोगों को कर सकेंगे वीडियो कॉल
इस संबंध में कई अन्य राज्यों की पुलिस ने भी ट्वीट किया है। पुलिस ने कहा है कि "यह कोई असामान्य उदाहरण नहीं है, जब जालसाज भोले-भाले उपयोगकर्ताओं को साइबर धोखाधड़ी करने के लिए अपने जाल में फंसाने के लिए तरह-तरह की नई तरकीबें और तरीके अपनाते हैं। उपयोगकर्ताओं के लिए जागरूक, सतर्क और चौकस रहने की जरूरत है। डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहें।"
वार्निंग में कहा गया है कि WhatsApp को गुलाबी रंग में डाउनलोड करने से मोबाइल फोन के सारे डाटा यह ऐप चुरा लेता है। इसमें फोन में सेव नंबरों और तस्वीरों का दुरुपयोग, वित्तीय नुकसान, आपकी साख का दुरुपयोग, स्पैम संदेश और बहुत कुछ हो सकता है। मुंबई पुलिस ने लोगों को तत्काल WhatsApp Pink को तुरंत अनइंस्टाल करने की भी सलाह दी है।